
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
प्रदेश के चीफ सेक्रेटरी अमिताभ जैन ने जल संरक्षण, शुद्ध जल की उपलब्धता और नदियों के शुद्धिकरण के कार्यों का क्रियान्वयन करने वर्कप्लान तैयार करने के निर्देश दिये हैं। सचिव स्तरीय अधिकारियों की बैठक में चीफ सेक्रेटरी ने नगरीय प्रशासन विकास विभाग, पर्यावरण संरक्षण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को खारून नदी के शुद्धिकरण के लिए विभागीय अमले को अभियान चलाने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि खारून नदी के उद्गम स्थल से संगम स्थल तक निरीक्षण कर गंदगी वाले स्थलों को चिन्हांकित करें और उसकी सफाई की व्यवस्था करें। इसके लिए स्थानीय जन समुदाय को भी प्रेरित किया जाना चाहिये। जैन ने जल प्रदूषित क्षेत्रों में हैवी मेटल परीक्षण करने आवश्यक संसाधनों की जानकारी देने कहा है।
चीफ सेक्रेटरी ने पानी के किफायती उपयोग के लिये लोगों को जागरूक करने अभियान चलाने के निर्देश दिये। भू-जल संरक्षण के लिए प्रदेश में बहने वाली बड़ी नदियों के रेतीले भाग में डाईक वाल बनाकर भू-जल स्तर बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। प्रदेश में संचालित नल-जल योजनाओं के तहत प्रत्येक परिवार को समुचित शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने कार्ययोजना बनाने कहा।
नरवा विकास कार्यक्रम की जिलेवार जानकारी लेते हुए चीफ सेक्रेटरी ने चिन्हित बारहमासी नदी-नालों के लिए कार्ययोजना बनाने कहा। गौठानों को बहुउद्देशीय केन्द्र के रूप में विकसित करने के लिए पंचायतों को नियमित रूप से दिशा निर्देश देने भी कहा। बैठक में अपर मुख्य सचिव जल संसाधन सुब्रत साहू, अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग रेणु जी पिल्ले, सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सिद्धार्थ कोमल परदेशी, सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग प्रसन्ना आर. सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal