- चार नगरीय निकायों में होगा कार्यक्रम, जामुल, भिलाई-चरौदा, रिसाली एवं भिलाई निगम में होगा कार्यक्रम
- 28 करोड़ रुपए की लागत से बने कैनाल रोड का भी होगा लोकार्पण
- कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग / मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार 18 नवंबर को जिले में 177 करोड़ रुपए के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रमों की सौगात देंगे। इस अवसर पर भिलाई, भिलाई-चरौदा, रिसाली और जामुल के नगरीय निकायों में कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। भिलाई नगरीय निकाय में मुख्यमंत्री 104 करोड़ रुपए के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रमों की सौगात देंगे। भिलाई-चरौदा निगम में 40 करोड़ रुपए की राशि के निर्माण कार्यों की सौगात और रिसाली निगम में 27 करोड़ रुपए की राशि के कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन होगा। जामुल में 5 करोड़ रुपए के कार्यों का लोकार्पण और 1.91 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन होगा।
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने इस संबंध में तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन विभागों को हितग्राही मूलक सामग्रियों का वितरण करना है, वे सभी विभाग इसके लिए स्टाल लगाकर तैयारी कर लें। भिलाई निगम के अधिकारियों ने बताया कि इस अवसर पर 25 स्वसहायता समूहों को 30 लाख रुपए की राशि का चेक वितरित किया जाएगा। श्रम अधिकारी ने बताया कि 143 श्रमिकों के परिजनों को चेक भी वितरित किये जाएंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भी हितग्राहियों को सामग्री वितरित की जाएगी। इसके अलावा मछली बीज और जाल आदि का वितरण भी किया जाएगा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को नगरीय निकायों में चल रहे कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जो भी काम शुरू नहीं हुए है, उन्हें फौरन शुरू करें। बारिश की वजह से फसल को पहुंचे नुकसान की स्थिति की जानकारी भी उन्होंने अधिकारियों से ली। 22 नवंबर को डीएमएफ की शासी परिषद की बैठक होगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को कहा कि उपयोगी प्रस्तावों को फौरन प्रेषित करें ताकि डीएमएफ की बैठक में इन प्रस्तावों को रखा जा सके। बैठक में अपर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन, एडीशनल कलेक्टर पद्मिनी भोई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
केनाल रोड निर्माण और सौंदर्यीकरण का लोकार्पण
इस मौके पर 28 करोड़ रुपए की लागत से बने कैनाल रोड का लोकार्पण भी किया जाएगा। सड़क के डिवाइडर में चंपा के खूबसूरत फूल लगाए गए हैं। अधोसंरचना संबंधी अनेक मद और चौदहवें वित्त की राशि से महत्वपूर्ण कार्य कराए गए हैं, जिनका लोकार्पण भिलाई में होगा। मुख्यमंत्री सुरडुंग जलाशय के शीर्ष व नहर रिमाडलिंग और लाइनिंग कार्य का भूमिपूजन भी करेंगे। क्षतिग्रस्त होने की वजह से जलाशय की क्षमता का पूरा उपयोग नहीं हो पा रहा था। कार्य पूर्ण होने पर 100 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की जा सकेगी। इस तरह लगभग 62 हेक्टेयर के अतिरिक्त रकबे में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हो पाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal