
- कलेक्टर ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कानून-व्यवस्था की समीक्षा की
- सर्वोच्च प्राथमिकता का मुद्दा है कानून-व्यवस्था
- लॉ एंड आर्डर को लेकर दूसरी बार हुई बैठक, हर सप्ताह मंगलवार को होती है बैठक
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग / कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को लेकर होने वाली साप्ताहिक बैठक इस बार वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। पिछली बैठक में कलेक्टर ने कहा था कि वीडियो कांफ्रेंसिंग का लिंक शेयर किया जाएगा, ताकि फील्ड में रहकर अधिकारी बैठक में हिस्सा ले सकें। आज बैठक में कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने पिछली मीटिंग में सौंपे गये टास्क पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों पर निगाह रखें और और किसी भी तरह से व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश होने पर कड़ी कार्रवाई करें। इसके लिए फील्ड की मानिटरिंग बेहद जरूरी है और फील्ड से मिल रहे इनपुट पर काम करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि फील्ड के भ्रमण के दौरान मिलने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करें। इनपुट्स के संबंध में स्थानीय लोगों से भी फीडबैक लेते रहें। एसडीएम और निगम आयुक्त स्थितियों की जानकारी जिला स्तर पर देने के साथ ही पुलिस अधिकारियों को भी उपलब्ध कराते रहें। दोनों के बीच बेहतर समन्वय से कानून-व्यवस्था की स्थिति को मजबूत बनाने में और भी मदद मिलेगी। डिवीजन स्तर पर अधिकारी ऐसी बैठकें करते रहें।
कलेक्टर ने कहा कि अतिक्रमण विरोधी कार्रवाईयां बेहतर समन्वय से अच्छी तरह संपन्न हो पाती हैं। अतिक्रमण हटाने के लिए निश्चित की गई तिथि पर पुलिस से पूर्व में समन्वय कर लें ताकि उस दिन पर्याप्त बल की व्यवस्था कर सकें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कानून एवं व्यवस्था का मुद्दा सर्वोच्च प्राथमिकता का मुद्दा है। इसके लिए पूरे समय अलर्ट मोड में रहें। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति हो या अप्रिय स्थिति पैदा होने की आशंका हो तो इसकी सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दें ताकि इसका त्वरित समाधान निकाला जा सके। बैठक में अपर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal