- चैत्र नवरात्रि पर्व में मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने निर्देश दिये
- बैठक में मंदिर ट्रस्ट, समाजसेवी, सेवा पंडाल के पदाधिकारी, पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने धर्मनगरी डोंगरगढ़ के मां बम्लेश्वरी मंदिर में 2 अप्रैल से शुरू होने वाली चैत्र नवरात्रि पर्व की तैयारी और सुचारू संचालन के लिए कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक लेकर संबंधित लोगों को निर्देश दिये। बैठक में मंदिर ट्रस्ट, समाजसेवी, सेवा पंडाल के पदाधिकारी, पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों के अफसर मौजूद थे। उन्होंने मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और मेले के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि मां बम्लेश्वरी की कृपा से कोविड-19 संक्रमण के बाद इस साल नवरात्र पर्व उत्साह से मनाया जाएगा। मां बम्लेश्वरी मंदिर में दर्शन करने बड़ी संख्या में श्रद्धालु आने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए तैयारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल और फायर ब्रिगेड वाहन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जिला व पुलिस प्रशासन, मंदिर समिति, समाजसेवियों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों का यह प्रयास होना चाहिए कि मेले के दौरान दर्शन के लिए आने वाले सभी श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधा मुहैया कराई जाए।
उन्होंने कहा कि डोंगरगढ़ आने वाले श्रद्धालुओं और पदयात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके लिए जरूरी उपाय और व्यवस्थाएं होनी चाहिए। चैत्र नवरात्रि पर्व में दुर्घटना रहित मेला आयोजन के लक्ष्य की जानकारी देते हुए पुलिस विभाग के अधिकारियों को पुख्ता उपाय करने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था करने के अलावा मेला स्थल के लिए निर्धारित मार्गों में वाहनों की गति निर्धारित करने कहा। उन्होंने मार्ग में पर्याप्त मात्रा में संकेतक व अस्थायी बैरियर लगाने और सभी दुर्घटना जोन को चिन्हित करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की भीड़ को सुरक्षित ढंग से नियंत्रित करने के लिए भी उचित उपाय करने कहा। गर्मी के मौसम को देखते हुए पंडाल, शुद्ध और शीतल पेयजल, ओआरएस आदि का प्रबंध करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि मेले के दौरान दर्शनार्थियों और डोंगरगढ़ में रुकने वाले लोगों को शुद्ध और ताजा भोजन, नाश्ता मिलना चाहिए। उन्होंने डोंगरगढ़ के एसडीएम और मुख्य नगर पालिका अधिकारी को जरूरी उपाय सुनिश्चित करने कहा। किसी भी स्थिति में लोगों को बासी भोजन और नाश्ता नहीं मिलना चाहिए। इसके लिए क्वालिटि इंस्पेक्टर की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिये। रोप-वे के मेन्टेनेंस की स्थिति की भी समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि किसी भी स्थिति में रोपवे में ओवर लोडिंग और किसी प्रकार की दुर्घटना नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर ने पदयात्रियों के मार्गों में पेयजल और शौचालय आदि का समुचित प्रबंध करें। पेयजल व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने और प्रकाश आदि की व्यवस्था के साथ ही पर्याप्त मात्रा में डस्टबिन लगाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पदयात्री मार्ग और मेला स्थल में पर्याप्त मात्रा में चिकित्सकीय अमले की तैनाती के साथ ही ग्लूकोज, ओआरएस के घोल आदि की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि मंदिर परिसर के आस-पास के दुकानों में शराब, गांजा आदि मादक पदार्थों की बिक्री बिल्कुल भी नहीं होनी चाहिए। ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पुलिस प्रशासन और अधिकारियों के अलावा मंदिर समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश बढई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय महादेवा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात गजेन्द्र सिंह, मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी व समाजसेवी, सेवा मंडल के सदस्य सहित अन्य अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal