- मतदान 12 अप्रैल और मतगणना 16 अप्रैल को
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव/ भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली द्वारा राजनांदगांव जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 73-खैरागढ़ में उप चुनाव की घोषणा कर दी गई है। उपचुनाव की घोषणा के साथ ही खैरागढ़ विधानसभा व संपूर्ण राजनांदगांव जिला में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील कर दी गई है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-73 खैरागढ़ के उप निर्वाचन कार्यक्रम अंतर्गत निर्वाचन की सूचना 17 मार्च को जारी की जाएगी। नाम निर्देशन पत्रों की प्राप्ति की अंतिम तिथि गुरूवार 24 मार्च निर्धारित की गई है।
नाम निर्देशन पत्रों की जांच शुक्रवार 25 मार्च को की जाएगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की तिथि सोमवार 28 मार्च निर्धारित किया गया है। मतदान मंगलवार 12 अप्रैल को और मतगणना शनिवार 16 अप्रैल को किया जाएगा। इस तरह सोमवार 18 अप्रैल 2022 तक विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 73-खैरागढ़ के उप निर्वाचन कार्यक्रम संपन्न होगा। खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 283 मूल मतदान केन्द्र और 8 सहायक मतदान केन्द्र है। कोविड-19 संक्रमण को ध्यान में रखते हुए 1 हजार 250 से अधिक मतदाता वाले 8 मतदान केन्द्रों में 8 सहायक मतदान केन्द्र बनाए गए है।
निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 5 जनवरी 2022 के बाद वर्तमान में सतत अद्यतीकरण की प्रक्रिया जारी है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-73 खैरागढ़ के लिए उप निर्वाचन के लिए तैयार की जाने वाली निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज करने की कार्रवाई निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के स्तर पर नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि तक की जाएगी। इसके लिए आवेदन निर्धारित समय पूर्व आवेदन करना होगा। वर्तमान में कुल मतदाताओं संख्या 2 लाख 11 हजार 540 है। जिसमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 6 हजार 290 और महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 5 हजार 250 है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal