- 5 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और एक ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल
- जगदलपुर जिला अस्पताल और लोरमी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को प्रसव सुविधाओं के लिए ‘लक्ष्य’ प्रमाण-पत्र
- स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने उत्कृष्ट अस्पतालों के अधिकारियों-कर्मचारियों को दी बधाई
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवा और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने वाले छत्तीसगढ़ के छह सरकारी अस्पतालों को केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS- National Quality Assurance Standard) प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया है। इनमें पांच शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और एक ग्रामीण अंचल का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल है।
जगदलपुर जिला अस्पताल और लोरमी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को प्रसव कक्ष और मैटरनिटी ऑपरेशन थियेटर की उत्कृष्ट सुविधाओं तथा प्रसूताओं एवं गर्भवती महिलाओं की अच्छी देखभाल के लिए ‘लक्ष्य’ प्रमाण-पत्र (LaQshya Certification) प्रदान किया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने समर्पित स्वास्थ्य सेवाओं के लिए उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र हासिल करने वाले इन सभी अस्पतालों के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने भरोसा जताया है कि ये अस्पताल आगे भी अपनी उत्कृष्टता बरकरार रखते हुए मरीजों की सेवा करेंगे और प्रदेश के दूसरे अस्पतालों के लिए नए प्रतिमान स्थापित करेंगे। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए स्वास्थ्य विभाग के संबंधित जिलों के मैदानी अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई दी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जशपुर जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भेलवा, फरसाबहार को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया है। राज्य के पांच शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी इस प्रमाण पत्र से नवाजा है। इनमें रायपुर के तीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंगोरा भाठा, उरला व भनपुरी, कोरबा के ढोढीपारा और दुर्ग जिले का चरोदा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal