- आबकारी विभाग ने मामले की जांच की
- ऑनलाइन और ऑफलाइन बेची जा रही है फिल्म की टिकट
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
सिटी सेंटर मॉल पंडरी में सिनेमा संचालित करने वाली संस्था पीवीआर के खिलाफ मिली शिकायत की आबकारी विभाग ने जांच कर ली है। शिकायत मिली थी कि पीवीआर में कश्मीर फाईल्स मूवी के शो में सीटें खाली होने के बाद भी दर्शकों को टिकट नहीं दी जा रही है। शो हाउसफुल का बोर्ड लगा दिया गया है।
इस शिकायत के बाद आबकारी विभाग ने पूरे मामले की जांच कराई। आबकारी विभाग द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्ट मे ये कहा गया है कि 11 मार्च शुक्रवार को पीवीआर की बुकिंग चार्ट में 50 फीसदी क्षमता के साथ द काश्मीर फाइल्स फिल्म को पहली बार 3 शो में प्रसारित किया गया था। इसके बाद अगले दिन 12 मार्च को शासन के आदेशानुसार कुल सीट के शत-प्रतिशत क्षमता के अनुसार फिल्म को 4 शो में टिकट विक्रय कर दिखाया गया।
जांच अधिकारी के अनुसार रविवार को फिल्म के 9 शो और सोमवार को फिल्म के 8 शो को शत-प्रतिशत क्षमता के अनुसार दिखाया गया। मंगलवार 15 मार्च को ये फिल्म 10 शो में दिखाई जा रही है। जांच अधिकारी के अनुसार दोपहर 3.25 बजे के शो में 267 सीटों में से 256 सीटें फुल थीं और शाम 5.45 बजे के शो में 176 में से सभी टिकट बिक चुके थे। जांच अधिकारी के अनुसार ये आंकड़ा पीवीआर संचालक के बुकिंग चार्ट से लिया गया है।
पंडरी स्थित सिटी सेंटर माल में संचालित पीवीआर ने इस संबंध में भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ देवेन्द्र नगर पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीवीआर प्रबंधन ने पुलिस थाने में लिखित शिकायत देते हुए कहा है कि 12 मार्च से शासन के आदेशानुसार शत-प्रतिशत क्षमता के साथ पीवीआर में फिल्मों का प्रदर्शन हो रहा है। इसमें द काश्मीर फाइल्स भी शामिल है। पीवीआर ने अपनी शिकायत में कहा है कि दर्शकों की मांग के आधार पर पीवीआर ने फिल्म के शोज भी बढ़ा दिए हैं। पीवीआर ने लिखित शिकायत में ये कहा कि फिल्म के टिकट ना देने की बात पूरी तरह से झूठी है और फिल्म से संबंधित टिकट ऑनलाइन और ऑफलाइन बेचे जा रहे हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal