द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग संभाग के संभागायुक्त महादेव कावरे ने थानखम्हरिया तहसील का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर न पाए जाने पर कर्मचारी नीरज वर्मा, सहायक ग्रेड- 3 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। तहसीलदार हेमन्त पैकरा ने न्यायालय तहसीलदार में कुल 154 प्रकरण और न्यायालय नायब तहसीलदार थानखम्हरिया ने 123 प्रकरण लंबित होना बताया। संभागायुक्त द्वारा बेदखली के प्रकरण में पटवारी के प्रतिवेदन के कारण प्रकरण लंबित होने पर थानखम्हरिया तहसील की पटवारी जयश्री दीवान को कारण बताओ नोटिस थमाया।
संभागायुक्त ने तहसीलदार को निर्देश देते हुए कहा कि सभी राजस्व निरीक्षक और पटवारी का प्रतिवेदन निर्धारित समयावधि में आवश्यक रूप से प्राप्त हो जाए। तहसील कार्यालय थानखम्हरिया में कैशबुक अपूर्ण होने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए नायब नाजिर किशन दास मानिकपुरी को 15 दिवस के भीतर कैश बुक पूर्ण कराने के स्पष्ट निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने कार्यालय में कार्यरत सभी कर्मचारियों के टेबल पर नाम पट्टिका आवश्यक रूप से रखने के निर्देश दिए। संभागायुक्त महादेव कावरे ने थानखम्हरिया के अधिवक्ताओं से चर्चा के दौरान तहसील की कार्यप्रणाली के संबंध में भी चर्चा की। उपस्थित अधिवक्ता वासुदेव तिवारी, हरिशरण सिंह क्षत्रिय और कमलेश कुमार यादव ने कामकाज पर संतुष्टि जताई। संभागायुक्त ने साजा के अनुविभागीय अधिकारी धनराज मरकाम को निर्देशित किया गया कि नामांतरण के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान ई नामांतरण के प्रकरणों की भी समीक्षा आवश्यक रूप से करें।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
