Breaking News

शहर में पानी सप्लाई को लेकर विधायक ने दिए कड़े निर्देश : ग्रीष्म ऋतु में अब नहीं होना चाहिए एक भी शटडाउन : वोरा

  • वोरा की अनुशंसा पर डीएमएफ से पम्पों के लिए मिलेंगे 25 लाख

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

दुर्ग शहरी क्षेत्र में नई और पुरानी पानी टंकियों को जोड़ने के कारण 31 मार्च व 1 अप्रैल को आम जनता को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा ने आज महापौर धीरज बाकलीवाल, जल कार्य प्रभारी संजय कोहले और नगर निगम के अधिकारियों के साथ 42 एमएलडी फ़िल्टर प्लांट का जायजा लिया। पाइपलाइन जोड़ने के कार्य का जायजा लेते हुए वोरा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी पेंडिंग कार्यों को इस बार पूरा कर लिया जाए। ग्रीष्म ऋतु के दौरान अब दोबारा शटडाउन नहीं किया जाना चाहिए।

वोरा ने कहा कि पाइपलाइन जोड़ने का कार्य डबल शिफ्ट लगाकर आज ही पूरा किया जाए। पटरीपार क्षेत्र के साथ-साथ सम्पूर्ण शहर में जल प्रदाय पर्याप्त मात्रा में करें। वैकल्पिक व्यवस्था के लिए अतिरिक्त टैंकरों की व्यवस्था करने के साथ ही मांग के अनुरूप जल्द से जल्द जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों ने बताया कि ग्रीष्मकाल में लोगों को पेयजल की परेशानी ना होने देने के लिए शट डाउन लेकर पानी टंकियों को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। शाम तक निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित कर ली जाएगी। इस दौरान निगम अभियंता आर के जैन, राजेन्द्र धबाले, नारायण ठाकुर, एमआईसी मेंबर भोला महोबिया, जयश्री जोशी, मनदीप भाटिया, एल्डरमैन अंशुल पांडेय, अमित देवांगन, बिजेंद्र भारद्वाज मौजूद थे।

जल आपूर्ति सुनिश्चित करने दो नग नए ट्रैक्टर की मिली सौगात

गर्मी के दौरान भूजल स्तर कम होने और पम्प, वाल्व में खराबी आने के दौरान टैंकरों से लोगों को पेयजल आपूर्ति की जाती रही है जिसके लिए अब तक निगम में सिर्फ एक ही ट्रैक्टर उपलब्ध था किन्तु अब 60 वार्डों में टैंकर सप्लाई के लिए विधायक वोरा की पहल पर दो नग अतिरिक्त ट्रैक्टर क्रय किया गया है। विधायक वोरा और महापौर धीरज बाकलीवाल ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

वोरा ने बताया कि बार बार खराब होने वाले मोटर पम्पों के स्थान पर नवीन पम्प और वाल्व की खरीदी के लिए 24 लाख 60 हजार की मांग खनिज न्यास निधि से की गई है। आगामी बैठक में स्वीकृत कर लिया जाएगा। पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही ना हो, इसका ध्यान रखना निगम का दायित्व है। सभी टैंकरों में लीकेज की रिपेयरिंग कराई जाए और नई टोंटी लगाई जाए, ताकि शुद्ध जल की बर्बादी ना हो। पाइपलाइन व्यवस्था को सुदृढ बनाते हुए टैंकर मुक्त शहर की दिशा में आगे बढ़ने का प्रयास किया जाए।

Check Also

ट्रंप के खासमखास हैं निगम कमिश्नर … शायद इसीलिये मनमानी चल रही … कोई रोकटोक नहीं लगा पा रहा है…

भिलाई के भाजपा विधायक रिकेश सेन की एक नहीं सुनते कमिश्नर, अगर सुनते तो भिलाई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!