द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज जांजगीर-चांपा जिले के विकासखण्ड मुख्यालय सक्ती में क्षेत्रवासियों को 226 करोड़ 26 लाख 90 हजार रुपए के 30 विभिन्न कार्यों की सौगात दी। इनमें 13 करोड़ 67 लाख 80 हजार रुपए की लागत से 11 विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और 212 करोड़ 59 लाख रुपए की लागत के 19 कार्य का भूमिपूजन और शिलान्यास शामिल हैं। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ.चरणदास महंत, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, सांसद ज्योत्सना महंत, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सुभाष धुप्पड़, विधायक रामकुमार यादव व जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने सक्ती में जिन कार्यों का लोकार्पण किया, उनमें 10.79 करोड़ की लागत से निर्मित 4 सड़कों, 2.53 करोड़ रुपए की लागत से मरकामगोढी से खुशउडेरा अमलीडीह पहुंच मार्ग, 2.22 करोड़ रूपए की लगात से ग्राम बघौदा से सुखरीकला तक मार्ग, 2.50 करोड रुपए की लागत से ग्राम कड़ारी से गत्वा मार्ग और 3.54 लाख रुपए की लागत से संजय ग्राम से बस्ती बाराद्वार मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा 20 लाख रुपए की लागत से शासकीय चिकित्सालय भवन सक्ती में ऑक्सीजन प्लांट के लिए शेड निर्माण, ग्राम गड़गोड़ी में 30 लाख रुपए की लागत से 2 यूनिट वर्क शेड स्ट्रांग रूम, 2 करोड़ 5 लाख 70 हजार रुपए की लागत से दारंग एनीकट का लोकार्पण शामिल हैं।
इसके अलावा बम्हनीडीह के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक बाराद्वार में 7 लाख रुपए की लागत से कला एवं संस्कृति कक्ष निर्माण, 7.6 लाख रूपए की लागत से प्रयोगशाला कक्ष निर्माण, 9 लाख रुपए की लागत से पुस्तकालय कक्ष निर्माण और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बीडीएम सारागांव में 7 लाख रुपए की लागत से कम्प्यूटर कक्ष निर्माण कार्य का लोकार्पण हुआ।
मुख्यमंत्री ने जिन कार्यों का भूमिपूजन किया, उनमें जल आवर्धन योजना लागत 101 करोड़, 52 लाख रुपए, जल जीवन मिशन अंतर्गत 96 करोड़ 74 लाख रुपए के लागत से ग्रामीण जल प्रदाय योजना, 11 करोड़ रुपए की लागत से मल्दी सुवाडेरा (व्हाया नंदौरकला) अचानकपुर मार्ग, ग्राम बुकुरामुंडा बस्ती से धनपुर जर्वे मार्ग तक, बैलाचूहा से जगदल्ली, सीसी सड़क ग्राम धनपुर से ग्राम गुढ़वा तक ग्राम टेमर में सीसी सड़क सह नाली निर्माण का भूमिपूजन शामिल है। इन सभी स्थानों के लिए 78-78 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही नगर पालिका सक्ती में 20 लाख रुपए की लागत से चंद्रा (चन्द्रानाहू) सामाजिक भवन का भूमिपूजन शामिल है।
पूर्व मंत्री स्व बिसाहू दास महंत की प्रतिमा का अनावरण किया
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज जांजगीर-चांपा जिले के विकासखण्ड मुख्यालय सक्ती के हटरी चौक में अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री स्व. बिसाहू दास महंत की जयंती के अवसर पर उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया।
अनावरण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत, राजस्व मंत्री व जिले के प्रभारी जयसिंह अग्रवाल, सांसद ज्योत्सना महंत, छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास, आरडीए अध्यक्ष सुभाष धुप्पड़ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
सक्ती पहुंचने पर सीएम का आत्मीय स्वागत
इससे पहले जांजगीर-चांपा जिले के विकासखंड मुख्यालय सक्ती पहुंचने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का हेलीपैड पर आत्मीय स्वागत किया गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत सहित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। बाद में कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सक्ती विधानसभा क्षेत्र को 226 करोड़ 26 लाख 90 हजार रुपए के 30 विभिन्न कार्यों की सौगात दी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

