- कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा की
द सीजी न्यूज
जांजगीर-चाम्पा / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज राजस्व विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जिले में राजस्व अधिकारियों एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदारों को निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारियों का व्यवहार और कार्य कुशलता ही उनकी उपलब्धि है। अधिकारी मुख्यालय में उपस्थित होकर प्रतिदिन कार्यों की समीक्षा करें। प्रकरणों पर कार्यवाही करें। इससे उनके अधीनस्थ भी कार्य करेंगे और आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण भी हो जाएगा। कलेक्टर ने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि आम नागरिकों को राजस्व प्रकरण के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े।
कलेक्टर ने जनचौपाल में प्राप्त आवेदनों, अभियान चलाकर जाति प्रमाणपत्रों का निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने भू-अर्जन के प्रकरणों में समय पर मुआवजा, लम्बित प्रकरणों पर कार्यवाही, राजस्व पुस्तक परिपत्र अंतर्गत पीड़ित परिवारों की जांच कर राशि उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
बाढ़ से बचने अलर्ट रहें
कलेक्टर ने बारिश के साथ नदी-नालों के उफान पर होने और बाढ़ की स्थिति निर्मित होने पर बचाव के लिए सभी को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा प्रबंधन व राहत बचाव दल के साथ समन्वय बनाने,आसपास के गोताखोरों की सूची रखने, बोट की व्यवस्था और वर्षा मापी यंत्र के संबंध में निर्देश दिए।
मुख्यालय पर पटवारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराए
कलेक्टर ने एसडीएम, तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे आम जनता की समस्याओं का निराकरण करे। पटवारियों की उपस्थिति उनके मुख्यालयों में कराए और सप्ताह में एक दिन अपने कार्यालय बुलाकर जाँच संबंधित प्रकरण पर प्रतिवेदन जरूर लें। कलेक्टर ने सभी को हिदायत भी दी है कि वे स्वयं दौरे पर आएंगे और प्रकरणों की जांच में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करेंगे। कलेक्टर ने काम नहीं करने वाले पटवारियों पर कार्यवाही और बेहतर कार्य करने वालों को सम्मानित करने के भी निर्देश दिए।
शासन की योजनाओं को फील्ड पर जाकर देखें
कलेक्टर ने एसडीएम, तहसीलदारों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं को फील्ड पर जाकर देखे। राशन दुकानों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अस्पतालों,आश्रम-छात्रावासों में जाए। गाँव के कोटवारों से संपर्क में रहे। इससे शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में आसानी तो होगी ही साथ ही जरूरतमंदों को लाभ भी मिल पाएगा।
कोविड नियंत्रण के लिए टीकाकरण अभियान चलाए
कलेक्टर ने कोविड-19 की संख्या को देखते हुए सभी राजस्व अधिकारियों को सतर्क और सावधान रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य अमले के साथ मिलकर 18 से अधिक उम्र वाले, दूसरे डोज़ न लगाने वाले लोगों के साथ बूस्टर डोज के लिए पात्र लोगो को टीकाकरण का अभियान चलाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कोरोना नियंत्रण के उपाय के लिए स्वच्छता, मास्क को अपनाने और जागरूकता फैलाने के भी निर्देश दिए।
स्वामी आत्मानन्द स्कूलों की जाँच के दिए निर्देश
कलेक्टर ने जिले के स्वामी आत्मानन्द शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में आपूर्ति किए गए सामग्रियों की सत्यापन करने, शिक्षकों और पालकों से चर्चा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने चिटफंड कम्पनियों से निवेशकों को राशि दिलाने की दिशा में कार्य करने के भी निर्देश दिए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
