Breaking News

भानुप्रतापपुर में CM भूपेश का धुआंधार चुनाव प्रचार : बीजेपी पर किया तीखा प्रहार : सीएम बोले : भाजपा ने जनता को 15 साल तक ठगा : आदिवासी आरक्षण का बिल हमने पास किया : जो कहते हैं, करके दिखाते हैं

द सीजी न्यूज

 

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को भानुप्रतापपुर क्षेत्र में धुआंधार चुनाव प्रचार किया। कोरर और लखनपुरी में जनसभा को संबोधित करते हुए भूपेश ने भाजपा को जमकर घेरा। कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री मंडावी को जिताने की अपील करते हुए सीएम ने कहा कि रमन सरकार ने 15 साल तक केवल लूटने का काम किया है। हमारी कांग्रेस सरकार ने हमेशा लोगों का भला किया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र की मोदी सरकार को भी घेरा। भूपेश ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण महंगाई बेतहाशा बढ़ गई है। केंद्र सरकार ने डीजल, पेट्रोल, मिट्टी तेल, रसोई गैस के दाम बढ़ा दिए। हमारी सरकार ने धान, कोदो, कुटकी, लाख, महुआ जैसे कई वनोपजों को खरीद कर लोगों को पैसा देने का काम किया। कांकेर जिले में कोरोना काल में जितनी मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर की खरीदी हुई, उतनी कहीं नहीं हुई है। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री अनिला भेंडिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री मंडावी समेत अन्य  जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सीएम ने कहा कि आरक्षण पर अध्यादेश लाने का काम हमने कर दिया है। आदिवासी को 32, एससी वर्ग को 13, ओबीसी को 27 और सामान्य को 4 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए विशेष सत्र बुलाकर जनता को लाभ दिलाने का काम किया है। फाइल राज्यपाल को सौंप दी गई है। हमारी सरकार जो बोलती है, वो करके दिखाने में विश्वास रखती है। रमन सिंह की सरकार के 15 साल के शासन में आदिवासी समाज सहित पूरे प्रदेश की जनता को ठगने का काम किया गया।

सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि सर्व आदिवासी समाज के नेता अपने प्रत्याशी को वोट न देने पर समाज से बाहर करने की धमकी दे रहे हैं। कांग्रेस-भाजपा के जिलाध्यक्ष समेत कई नेता-कार्यकर्ता आदिवासी समाज से हैं, पहले उन्हें निकालने का काम करके दिखाइए। गांव-गांव कसम खिलवाने का काम सर्व आदिवासी समाज के नेता कर रहे हैं। भूपेश बघेल ने कहा कि आरक्षण विधेयक को भाजपा नेता चुनावी हथकंडा बता रहे हैं। इस तरह की बातें भाजपा का मानसिक दिवालियापन है। सीएम ने कहा कि ये तो पूरे प्रदेश की जनता का मामला है। चुनाव तो होते रहेंगे, ये आरक्षण का बिल पास होना मील का पत्थर है। ये बताता है कि हम सभी वर्गों को साथ लेकर चलना चाहते हैं।

Check Also

जेआरडी स्कूल में बनेगा 270 सीटर ऑडिटोरियम

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के पहल से ऐतिहासिक स्कूल का होगा संरक्षण THE CG NEWS …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!