
नक्सल प्रभावित संवेदनशील क्षेत्रों में ग्रामीणों को सुरक्षा प्रदान करने शासन-प्रशासन द्वारा सुरक्षा कैम्प की स्थापना से बीते कुछ वर्षों में नक्सल गतिविधियों को काफी भीतर तक सीमित कर दिया है। एक ओर जहां कैम्प की स्थापना से ग्रामीणों को सुरक्षा मिली है, वहीं समय-समय पर सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में सिविक एक्शन प्रोग्राम किये जा रहे हैं। जिससे ग्रामीणों का प्रशासन और सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास बढ़ा हैं। पूर्व के वर्षों में इन इलाकों के ग्रामीण फोर्स के जवानों से भयभीत रहते थे. लेकिन आज किसी भी प्रकार की समस्या का समाधान के लिए वे कैम्प का रुख करते हैं।

सिविक एक्शन प्रोग्राम के अंतर्गत सीआरपीएफ सहित अन्य सुरक्षा टुकड़ियां ग्रामीणों के बीच जाकर उन्हें रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के साथ ही कपड़े, बर्तन प्रदान करते हैं। ग्रामीणों की हरसंभव मदद के लिए सुरक्षा जवान तत्पर और संकल्पित रहते हैं। दूसरे प्रदेशों से आकर घोर वनक्षेत्र में पदस्थ इन जवानों की सेवा भाव से ग्रामीण भी प्रभावित होते हैं।

केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल कोन्टा रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक राजीव कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन और नरेन्द्र पाल सिंह, पीएमजी 50 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और जुन ए कमाडेंट 202 कोबरा बटालियन के निर्देशन में डी और ई/50 वीं वाहिनी द्वारा डब्बाकोंटा कैम्प मे सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। सिविक एक्शन प्रोग्राम के अंतर्गत भारत सरकार और राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न विकास योजनाओं और उनके लाभों के बारे में अवगत कराया गया। ग्रामीणों को दैनिक उपयोग में आने वाली वस्तुओं जैसे रेडियो, पेन, पेंसिल, स्कूल बैग, स्कैच पैन, रजिस्टर, दवाईयां, सोलर स्ट्रीट लाइट और वाटर स्टोरेज टैंक इत्यादि का वितरण किया गया। नारियल, अमरूद, केला, पपीता, नींबू जैसे फलदार पौधे भी ग्रामीणों को वितरित किये गए।
मेडिकल कैम्प लगाकर डब्बाकोंटा स्थित ग्रामीणों की आम बीमारियां जैसे सर्दी, खांसी, बुखार, उच्च रक्तचाप, बदन दर्द, जोड़ों में दर्द, पुराना घाव / जलन, गले में खराबी और मलेरिया जैसी बीमारियों का उपचार कर दवाईयां वितरित की गई। मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिये सावधानी बरतने के लिए ग्रामीणों को जागृत किया गया। इस अवसर पर के रि पु बल के अन्य अधिकारी व अधीनस्थ अधिकारी भी उपस्थित थे। आयोजन में आसपास के सभी ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इलाके में ग्रामीणों में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ रहा है। आम नागरिक और सुरक्षा बल के बीच अच्छे सम्बंध और विश्वास स्थापित हो रहा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal