- भरोसे की झूठी बात करने वालों के धोखे का जीता जागता प्रमाण है प्रदेश भर के गौठान – भाजपा
द सीजी न्यूज
दुर्ग। चलबो गौठान, खोलबो पोल अभियान अंतर्गत भाजपा नेताओं की टीम दूसरे और तीसरे दिन दुर्ग जिला संगठन के अंतर्गत आने वाले मंडलों के गांव-गांव के गौठानों में पहुंची। गौठान का अवलोकन करने वालों में प्रमुख रूप से दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, पूर्व कैबिनेट मंत्री रमशिला साहू, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रविशंकर सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, पूर्व संसदीय सचिव एवं व्यापारी प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक लाभचंद बाफना, जिला महामंत्री ललित चंद्राकर, सुरेंद्र कौशिक, पूर्व विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, भिलाई पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र साहू सक्रिय रहे।
लोकसभा सांसद विजय बघेल पाटन ने उत्तर पाटन और दक्षिण पाटन मंडल के भरर, जामगांव आर, कुम्हली, बेलौदी के गौठानों का अवलोकन किया। वहां के गौठानों में गाय नहीं मिली। गोबर और चारा भी नजर नहीं आया। गौठानों में कोई व्यवस्था नहीं थी। गौठानों की दुर्दशा देखने के बाद सांसद विजय बघेल ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार ने शराब घोटाले की तरह गोबर और चारा घोटाला किया है, जिस प्रकार ऑर्गनाइज्ड क्राइम सिंडिकेट बनाकर कोल, रेत, शराब घोटाले किये गए हैं, उसी तर्ज पर संगठित गौठान घोटाला किया गया है। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री सुरेंद्र कौशिक, उत्तर पाटन मंडल अध्यक्ष लोकमणी चंद्राकर, दक्षिण पाटन मंडल अध्यक्ष लालेश्वर साहू, जिला पंचायत सदस्य हर्षा चंद्राकर मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बोरी लिटिया मंडल के गोठानों में जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गौठानों की आड़ में 1300 करोड़ का भ्रष्टाचार किया है। अगर गौठानों में गाय नहीं रहती है तो क्या भूपेश बघेल मानते हैं कि गर्मी में खरीदे गए गोबर में उन्होंने बड़े पैमाने पर घोटाला किया है। वर्मा ने सवाल किया कि अगर गर्मियों में गाय गौठानों में नहीं रहती है तो फिर शेड किस लिए बनाया गया और क्या गर्मियों में गोबर खरीदी नहीं होती है?
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह कहना कि गर्मियों में गाय नहीं रहती है, साफ तौर पर यह बताता है कि इन महीनों में जो गोबर की खरीदी दिखाई जाती हैं, वह गोबर केवल कागज पर खरीदा जाता हैं और उस पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया जाता है। निरीक्षण के दौरान उनके साथ मंडल अध्यक्ष कृष्णा पटेल, जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र साहू, युवा मोर्चा जिला महामंत्री मनोज शर्मा, मुकेश सोनकर मंडल के भाजपा पदाधिकारी एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अहिवारा विधानसभा के जेवरा सिरसा मंडल में पूर्व कैबिनेट मंत्री रमशिला साहू ने ग्राम ननकठी, बोड़ेगांव, रवेली अरसनारा, कचांन्दुर, समोदा के गोठान का निरीक्षण किया। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रविशंकर सिंह ने अंजोरा मंडल के नगपुरा बेलौदी, दमोदा ,बोरई के गोठानों का निरीक्षण किया। जिला महामंत्री ललित चंद्राकर ने धमधा मंडल के ग्राम बिरझापुर, डंगनिया, रहटाडाह, गाबरा, पेंड्री के गौठानों का निरीक्षण किया। पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष भिलाई वीरेंद्र साहू ने उतई मंडल अंतर्गत उतई नगर पंचायत, उमरपोटी, करगाडीह, डूमरडीह के गौठानों का निरीक्षण किया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
