द सीजी न्यूज
दुर्ग / कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने छोटे-बड़े अवैध कब्जों पर कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए हैं। अवैध कब्जा और चखना सेंटरों को हटाने जिला प्रशासन ने सभी नगरीय निकायों को निर्देश दिये हैं। बैठक में सभी नगरीय निकाय के अधिकारियों को यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए अवैध चौपाटियों पर कार्रवाई कहा गया। अवैध ठेले, गुमटियों और चौपाटियों पर भी कार्रवाई करने कहा गया है।
कुछ लोगों द्वारा पक्के मकान व दुकान बनाए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा पुलिस के सहयोग से उक्त स्थानों पर अभियान चलाकर बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। कलेक्टर ने चखना दुकानों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। शराब दुकानों के आसपास चखना दुकानों की वजह से राह चलने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। चखना दुकानों को चिन्हित कर कार्रवाई करने कहा गया।
सड़क किनारें स्थित सभी छोटे-बड़े कब्जों को हटाया जाएगा। यातायात को बाधित करने वाले ठेला व दुकान के बाहर साइन बोर्ड हटाकर सड़क को बाधा मुक्त किया जाएगा। रोड पूरी तरह खाली और व्यवस्थित दिखना चाहिए। कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्तों और सभी निकायों के नगर पालिका अधिकारियों को अपनी उपस्थिति में अवैध कब्जों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिये गए।
उन्होंने नगर निगम आयुक्तों को सड़क किनारे फल व सब्जी ठेलों को हटाने कहा। सड़कों के किनारे खड़े ठेलों और दुकानों के बाहर बोर्ड, बैनर-पोस्टर और होर्डिंग्स को हटाने कहा, ताकि यातायात सुव्यवस्थित हो सके। फुटपाथ पर कब्जा जमाने वालों को हटाकर दोबारा न लगाने की समझाईश दी जाएगी। कब्जा न हटाए जाने पर जुर्माना और सामान जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
ठेलों को व्यवस्थित करने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए। उन्होंने आयुक्तों से जगह चिन्हांकित कर ठेलों को शिफ्ट करने कहा। उन्होंने कहा कि ठेलों को वेडिंग जोन में रखना संभव न होने पर सड़क किनारे स्थान चिन्हित कर ठेलों को व्यवस्थित करने कहा। बैठक के दौरान सड़कों पर घुमंतु भिक्षुओं को चिन्हांकित करने और सड़क किनारे पड़े कंडम गाड़ियों की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि घुमंतु भिक्षुओं को चिन्हांकित किया गया है और कंडम गाड़ियों को व्यवस्थित किया जा रहा है। बैठक में अपर कलेक्टर व नगर निगम भिलाई के आयुक्त रोहित व्यास, नगर निगम दुर्ग आयुक्त लोकेश चंद्राकर, नगर निगम रिसाली आयुक्त आशीष देवांगन, अपर कलेक्टर गोकुल रावटे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अश्वनी देवांगन सहित नगरीय निकाय के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
