द सीजी न्यूज
पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के एक माह बाद विपक्षी गठबंंधन INDIA के नेताओं ने ईवीएम और वीवीपैट को लेकर बड़ा मुद्दा उठाया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार को पत्र लिखकर कहा है कि वीवीपैट को लेकर विपक्षी गठबंधन के नेता कुछ सुझाव देना चाहते हैं। इसके लिए वे मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते हैं। पत्र में मुख्य चुनाव आयुक्त से बैठक के लिए समय देने की मांग की गई है।
पत्र में जयराम रमेश ने लिखा कि – 20 दिसंबर 2023 को विपक्षी गठबंधन के नेताओं की बैठक हुई थी, जिसमें वीवीपैट के इस्तेमाल को लेकर कुछ सुझाव दिए गए। चीफ इलेक्शन कमिश्नर राजीव कुमार को पत्र लिखा है। ‘हम बैठक में पास किए गए प्रस्ताव को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते हैं लेकिन अभी तक हम इसमें सफल नहीं हो पाए हैं।’
गौरतलब है कि 3 दिसंबर को चुनाव नतीजे आने के बाद दुर्ग सहित समूचे छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओं ने ईवीएम को लेकर दिल्ली में शीर्ष कांग्रेस नेताओं से चर्चा की थी। दिग्गज कांग्रेस नेता जयराम रमेश, दिग्विजय सिंह, सैलजा कुमारी सहित देश के सबसे बड़े वकीलों में से एक कपिल सिब्बल से भी मुलाकात की गई। नागपुर में हुए कांग्रेस के स्थापना दिवस समारोह के दौरान भी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, भूपेश बघेल की मौजूदगी में चर्चा की गई।
दुर्ग सहित समूचे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की अप्रत्याशित हार को लेकर न सिर्फ राजनीतिक दलों बल्कि नागरिकों के बीच ईवीएम का मुद्दा गर्म रहा। यह सुझाव भी दिया गया कि वीवीपैट से निकली पर्ची पर मतदाता अपने हस्ताक्षर कर इसे एक बॉक्स में डालें। मतगणना के दौरान किसी भी तरह की शंका या आपत्ति होने पर इन पर्चियों की गिनती करने की व्यवस्था होनी चाहिए। इससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। ईवीएम हैक किये जाने या इसमें छेड़छाड़ कर चुनाव नतीजों को प्रभावित करने की आशंका का वर्षों से चला आ रहा मुद्दा भी समाप्त हो जाएगा।
CEC से वीवीपैट पर चर्चा चाहता है विपक्षी गठबंधन
जयराम रमेश ने बताया कि ‘हम विपक्षी दलों की बैठक में पास किए गए प्रस्ताव को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते हैं लेकिन अभी तक हम इसमें सफल नहीं हो पाए हैं। मैं एक बार फिर विनती करता हूं कि INDIA गठबंधन के 3-4 सदस्यों की टीम को चुनाव आयुक्तों से मिलने का अवसर दिया जाए ताकि हम वीवीपैट पर अपने सुझाव दे सकें।’
कांग्रेस का आरोप- बार-बार अपील के बावजूद बैठक का समय नहीं दे रहे चुनाव आयुक्त
पत्र में जयराम रमेश ने लिखा कि 9 अगस्त 2023 को भी चुनाव आयोग में ईवीएम के मुद्दे पर ज्ञापन दिया गया था। इस ज्ञापन में भी ईवीएम को लेकर अपनी चिंताओं का जिक्र किया गया था। साथ ही 9, 10,16,18 और 23 अगस्त को भी मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ बैठक की मांग की गई थी। कई बार मांग के बावजूद अभी तक विपक्षी गठबंधन के नेताओं की मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ बैठक नहीं हो सकी है। दरअसल विपक्षी गठबंधन की पार्टियों की मांग है कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के सिस्टम की प्रक्रिया को एकीकृत किया जाए और 100 प्रतिशत वीवीपैट मशीनों से वोट के बाद पर्ची मिले।
हालिया विधानसभा चुनाव के बाद विपक्ष के कई नेताओं ने यह मांग की है। अभी किसी विधानसभा सीट पर किन्हीं भी पांच मतदान केंद्रों पर चुनाव नतीजें घोषित होने से पहले वीवीपैट मशीनों से मतदान की पुष्टि की जाती है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
