Breaking News

नगर निगम परिषद के चार वर्ष पूर्ण होने पर महापौर धीरज बाकलीवाल ने बताई उपलब्धियां : कहा – शहर का हुआ चौमुखी विकास

  • निगम कर्मियों, पार्षदों और नागरिकों का सहयोग सराहनीय : बाकलीवाल

द सीजी न्यूज

दुर्ग/ नगर निगम में कांग्रेस परिषद के चार वर्ष पूर्ण होने पर महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा है कि यह दुर्ग नगर निगम ने कई उपलब्धियों भरे निर्णय लेकर कार्य किये हैं। महापौर ने कहा कि पूर्व विधायक अरुण वोरा, दुर्ग निगम के एमआईसी सदस्यों सहित पक्ष-विपक्ष के पार्षदों के साथ अधिकारी-कर्मचारी व नागरिकों का अभूतपूर्व सहयोग मिला। सभी के सहयोग से शहर का चौमुखी विकास किया गया।

बाकलीवाल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व और पूर्व विधायक अरुण वोरा के मार्गदर्शन में चार वर्ष में शहर के विकास, सौंदर्यीकरण, पेयजल व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था बेहतर बनाने की दिशा में कई कार्य किए गए। ठगड़ा बांध पिकनिक स्पाट, गौरव पथ सौंदर्यीकरण, शहर की भीतरी गलियों में सड़कों व नालियों का निर्माण, निगम मुख्यालय में मोतीलाल वोरा सभागार, राजेंद्र पार्क के पास वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा की प्रतिमा सहित शहर में शहीदों की प्रतिमाओं की स्थापना की गई।

फाइल फोटो – कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा के साथ ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट में निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए महापौर धीरज बाकलीवाल

महापौर ने कहा कि इसके अलावा 18 पेयजल टंकियों को भरने चार मोटर पंप लगाए गए। 6 हजार नए नल कनेक्शन सहित अन्य कार्य किये गए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शिवनाथ रिवर फ्रंट, एस्ट्रो टर्फ व कचरा निष्पादन के लिए प्लांट लगाने का काम प्रस्तावित है। परिषद के बनते ही शुरूवाती दिनों में ही वैश्विक महामारी कोरोना काल में हमारे एमआईसी सदस्य, पार्षद, अधिकारीगण, सफाई कर्मचारी सहित दुर्ग नगर निगम परिवार ने अपनी जान और परिवार की परवाह किये बिना जन सुरक्षा और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। नगर निगम की परिषद ने ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के प्लेसमेंट व एमसीसी कर्मचारियों को 15 प्रतिशत बोनस राशि देकर प्रोत्साहन दिया। गली मोहल्लों में सेनेटाईजेशन, जरूरतमंदों को अनाज और भोजन वितरण सहित सभी आवश्यक कार्य कोरोना काल में किये गए।

फाइल फोटो – नगर निगम अधिकारियों के साथ विकास कार्यों का निरीक्षण

महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि शहर के विकास कार्यों को करने में भी नगर निगम नें चार वर्षों में कोई कोरकसर नही छोड़ी। आम जनता के लिए सड़क-नाली, बिजली, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ ही शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रयास सफलतापूर्वक किया गया। स्लम स्वास्थ्य योजना का सुचारू संचालन, धनवंतरी दवा दुकान से सस्ती दवाओं की उपलब्धता, सी-मार्ट से पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देने के कार्यों से सीधे जनता को लाभ मिला। नगर निगम द्वारा 350 से अधिक पशुपालकों से 61.00 लाख रुपए की गोबर खरीदी कर 7500 क्विंटल से अधिक खाद का अब तक उत्पादन किया गया है।

महापौर ने अन्य उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि  शासन की अवैध निर्माण के नियमितीकरण योजना के कियान्वयन में पूरे प्रदेश में दुर्ग निगम अव्वल रहा हैं। पहली बार नगर निगम दुर्ग में कार्यरत समस्त अधिकारी, कर्मचारियों और दुर्ग शहर के पत्रकार बंधुओं को स्वास्थ्य लाभ हेतु दुर्ग शहर के 10 हॉस्पिटल, नर्सिंग होम, क्लीनिक और डायग्योस्टिक सेंटर को चिन्हांकित कर 50 प्रतिशत छूट के साथ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। पूर्व सैनिकों, महिला स्व सहायता समूहों और पत्रकार बंधुओ को नगर निगम के भवनों में पारिवारिक व मांगलिक कार्यक्रमों हेतु 50 प्रतिशत छूट का ऐतिहासिक निर्णय परिषद द्वारा लिया गया।

फाइल फोटो –

महापौर धीरज बाकलीवाल ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि शहर के मूलभूत अधोसंरचना के विकास में भी परिषद के चार वर्ष उपलब्धियों से भरे हुए है। 16 करोड़ की लागत से ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट निर्माण, शंकर नाला सुदृढ़ीकरण, गौरवपथ का उन्नयन और  चौड़ीकरण, शिवनाथ नदी रोड चौड़ीकरण, चौक चौराहो का सौंदर्यीकरण, शहर के 6 प्रमुख तालाबों के सौंदर्यीकरण की पहल, स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने अमृत मिशन के कामों को तेजी से पूर्ण कराना और पुरानी पाइप लाइन के कनेक्शनों को नई पाइप लाइन में शिफ्ट करने 13 करोड़ की राशि स्वीकृत कराने के बाद कार्य प्रारंभ किया गया है। जिला चिकित्सालय दुर्ग के सामने वेंडर जोन स्थापित कर घूम-घूम कर व्यवसाय करने वाले और मेनोनाईट चर्च रोड पर फ्रूट वेंडर जोन स्थापित कर शहर को व्यवस्थित रूप देने व व्यवसायियों को स्थायित्व देने की मंशा को मूर्त रूप देते हुए कार्य योजना का कियान्वयन किया गया हैं।

महापौर ने बताया कि पुरखा के सुरता योजनांतर्गत सड़क के किनारे कार्यालय भवनों, शिवनाथ नदी के किनारे, ठगड़ा बाध के रिक्त स्थानों पर और प्रत्येक मकानों में एक-एक वृक्ष प्रदान कर लोगो को वृक्षारोपण हेतु प्रेरित करने का कार्य निकाय द्वारा किया जा रहा है। निकाय क्षेत्रांतर्गत 11 स्थानों पर लगभग 70 लाख के हाईमास्ट स्थापना और 10 स्थानों पर 50 लाख की लागत से मिनी हाईमास्ट स्थापना व पुलगांव नाका, वायशेप ब्रिज, धमधानाका ब्रिज में प्रकाश व्यवस्था हेतु 32 लाख और 700 नग एलईडी लाईट हेतु लगभग 25 लाख रुपए स्वीकृत कर शहर को रोशन किया गया है।

फाइल फोटो –

महापौर धीरज बाकलीवाल ने  बताया कि शहरी आजीविका मिशन अंतर्गत सामाजिक गतिशीलता और संस्थागत विकास के अंतर्गत इस वर्ष कुल 139 स्वसहायता समूहों का गठन किया गया है, जिसमें 1706 महिलाओं को जोड़ा गया है। 97 स्वसहायता समूहों को 10000 रुपए प्रति समूह आवर्ती निधी जारी करके 1224 महिलाओं को लाभान्वित किया गया है। 157 समूहों की 1896 महिलाओं को बैंक के माध्यम से स्वरोजगार हेतु 236.53 लाख का ऋण प्रदान किया गया है। 215 बीपीएल परिवार के सदस्यों को 148.71 लाख ऋण प्रदान किया गया है। 25 स्वसहायतों समूहों को 36.18 लाख स्व निधी योजनांतर्गत शहरी पथ विकेताओं को 10000 रुपए के मान से कुल 2658 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया है।

महापौर ने बताया कि निकाय क्षेत्रांतर्गत विभिन्न वार्डों में पाइप लाइन विस्तार कर 6000 नल कनेक्शन दिये जाने 11.17 करोड, हरनाबांधा और डोगिंया तालाब के सौंदर्यीकरण और विकास हेतु 6 करोड़ का प्रस्ताव प्रेषित किया गया है। विभिन्न वार्डो में पेवर ब्लॉक और सड़क निर्माण हेतु 4.61 करोड़, 21 नग नाला निर्माण हेतु 7.28 करोड़, वार्ड 20 और 50 में सीवर लाईन हेतु 96.50 लाख, विद्युतीकरण के अंतर्गत ट्यूबलर पोल स्थापना 1.23 करोड़ का प्रस्ताव प्रेषित किया गया है, जो स्वीकृति के अंतिम चरण में है। इसमें कोई अतिश्योक्ति नही है कि शहरी सरकार के सभी कार्य विकासोन्मुखी और दीर्घकालिक परिणाम देने वाले साबित होंगे।

महापौर बाकलीवाल नें नगर निगम के एमआईसी सदस्यों, अधिकारी-कर्मचारियों, पार्षदों व शहर के नागरिकों के प्रति शहर के विगत चार वर्षों की विकास यात्रा में सहभागी रहने हेतु आभार जताया है। उन्होने कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश में बनी नई सरकार के साथ भी दुर्ग निगम परिवार जनकल्याण हेतु कदम से कदम मिलाकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता रहेगा।

Check Also

भ्रदेश्वर महाकाल शिव मंदिर में टाइल्स, मार्बल, ग्रेनाइट लगाने भूमिपूजन संपन्न

THE CG NEWS भिलाई। सेक्टर-5 स्थित भ्रदेश्वर महाकाल शिव मंदिर में 3 लाख की लागत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!