Breaking News

पुलगांव में अवैध प्लाटिंग पर चला बुल़़डोजर : जिला प्रशासन, नगर निगम और टाउन कंट्री प्लानिंग ने संयुक्त कार्रवाई की

  • खसरा नंबर 47 व 49 स्थित जमीन पर अवैध प्लाटिंग के लिए अलग-अलग टुकड़ों में किया था विभाजित 

द सीजी न्यूज

दुर्ग। शिवनाथ नदी के पास करीब 45 एकड़ जमीन पर अवैध प्लाटिंग की खबर मिलने पर आज प्रशासन का बुलडोजर चल गया। यहां भू-माफिया द्वारा मुरुम डालकर रास्ता बनाया गया था। बुधवार को शाम के समय आंधी-तूफान और बारिश के दौरान जिला प्रशासन व निगम प्रशासन ने जेसीबी की मदद से उखाड़ दिया। इस मामले की शिकायत रेरा में की गई थी।

शिकायत के आधार पर कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देश पर निगम आयुक्त लोकेश चन्द्राकर के मार्गदर्शन में कड़ी कार्रवाई की गई।अवैध प्लाटिंग करने वालों ने यहां मुरुम बिछाकर सड़क बना ली थी। कार्रवाई के दौरान एसडीएम मुकेश रावटे, डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव, भवन अधिकारी गिरीश दीवान, तहसीलदार प्रफुल्ल गुप्ता, राजस्व व अतिक्रमण अधिकारी दुर्गेश गुप्ता और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के संयुक्त संचालक सहित निगम अमला मौजूद रहा।

नगर निगम के भवन अधिकारी गिरीश दीवान ने बताया कि कार्रवाई के बाद मौके पर एक सूचना बोर्ड लगा दिया गया है कि जिसमें यह उल्लेख किया गया है कि इस जमीन पर अवैध प्लाटिंग की जा रही है। मामले की शिकायत छत्तीसगढ़ भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा), रायपुर में की गई थी। शिकायत की प्रतिलिपि जिला प्रशासन को भेजी गई। जानकारी के मुताबिक अभी तक जमीन किसी को भी नहीं बेची गई है।

अफसरों ने बताया कि ग्राम पुलगांव के निजी भूमि खसरा नंबर 47/31,47/17,7,9,12,49/2,3,11,सहित अन्य 8 खसरों पर बिना अनुज्ञा के लगभग 40 से 45 एकड़ भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की मंशा से निर्मित किए गए रोड, नाली आदि स्ट्रक्चर को जेसीबी के माध्यम से ध्वस्त करने कार्यवाही की गई है। अलग अलग भू धारकों के नाम से धारित भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की पूरी तैयारी करने की शिकायत छत्तीसगढ़ भू संपदा विनियामक प्राधिकरण ( रेरा ) को मिलने के बाद आज यह बड़ी कार्यवाही की गई।

उक्त खसरा नंबर पर अवैध विकास की कार्यवाही की जा रही थी जिसके लिए रेरा सहित अन्य सक्षम अधिकारियों से विधिवत अनुमति नहीं ली गई थी। पर्यावरण सुरक्षा को हानि के संबंध में भी जांच कराई जाएगी। कार्रवाई के दौरान  ग्राम तथा नगर निवेश के सहायक संचालक सूर्यभान सिंह, राजस्व निरीक्षक द्वारका परगनिहा, पटवारी टेकराम साहू सहित निगम अमला आदि मौजूद रहे।

Check Also

सेवा संकल्प अभियान : भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ का मेगा हेल्थ कैंप आज

THE CG NEWS दुर्ग। सेवा संकल्प अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!