द सीजी न्यूज
दुर्ग। नगर निगम दुर्ग क्षेत्र में स्वीकृत विकास कार्यों को लेकर शहर विधायक गजेंद्र यादव ने आज समीक्षा बैठक लेकर सभी काम समय पर पूरा करने निर्देश दिए। निगम आयुक्त लोकेश्वर चंद्राकर सहित निगम के सभी इंजीनियरों के साथ हुई बैठक में प्रत्येक छोटे-बड़े कार्यों की समीक्षा की गई। सामाजिक भवन, सांस्कृतिक भवन, पालिका बाजार सहित बड़े कार्यों में सहायक अभियंता को दायित्व सौंपने कहा गया। विधायक ने बैठक में विभिन्न वार्डों में सड़क सीमेंटीकरण और नाली निर्माण कार्य की समीक्षा कर अधोसंरचना मद के कार्य की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री के दुर्ग प्रवास पर तैयारियों को लेकर दिशा निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में विधायक गजेंद्र यादव ने प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने अपनी निधि से स्वीकृत 40 लाख की राशि से बल्ब व उपकरण खरीदी कर नवरात्रि पूर्व लाइट लगाने निर्देश दिए। भूमिपूजन के बाद प्रारंभ हो चुके कार्यों को तय समय में पूर्ण कर जनता के लिए लोकार्पित करने कहा, ताकि आम जनता को विकास कार्यों की सौगात मिल सके।
विधायक गजेंद्र यादव ने बैठक में अधोसंरचना मद से जारी 5 करोड़ की राशि से निमार्ण कार्य के प्रगति की जानकारी लेकर भवन बनाते समय सड़क से दूरी व भविष्य में सड़क चौड़ीकरण व नाली निर्माण आदि में परेशानी न होने देने जैसी बातों का ध्यान रखने कहा। राज्य शासन से स्वीकृत सभी कार्यों की प्रोग्रेस रिपोर्ट मांगी, जिस पर संबंधित अधिकारियों ने निविदा प्रक्रिया की स्थिति की जानकारी दी।
विधायक यादव ने 18 अलग अलग समाजों के लिए स्वीकृत भवन निर्माण कार्य, मंदिर निर्माण, जाॅगिंग ट्रैक, बैडमिंटन गाउण्ड, मुक्तिधाम निर्माण की जानकारी ली। निगम के सभी इंजीनियरों से चल रहे निर्माण कार्य की सतत् माॅनिटरिंग करने और निर्माण एजेंसी व ठेकेदार से संपर्क बनाए रखते हुए गुणवत्तापूर्ण व तय समय सीमा में कार्य पूर्ण कराने कहा।
राज्य शासन से लंबित मांग से संबंधित तैयारी जल्द पूरा करने कहा, ताकि शासन से शहर की जनता की सहूलियत बढ़ाने उन कार्यों को भी स्वीकृति दिलाई जा सके। विधायक गजेन्द्र यादव ने बताया कि शीघ्र ही प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन के लिए दुर्ग प्रवास पर आएंगे। उसकी तैयारियों को लेकर निगम के अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए। निगम आयुक्त लोकेश्वर चंद्राकर को अलग-अलग कार्य के लिए जिम्मेदारी तय करने कहा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
