Breaking News

ऑनलाइन-बेटिंग और साइबर-फ्रॉड करने 20-20 हजार में खरीदे 78 एटीएम कार्ड : 5 आरोपी गिरफ्तार

द सीजी न्यूज

दुर्ग। पुलिस ने म्यूल अकाउंट वाले एक गैंग का पर्दाफाश किया है। गिरोह के सदस्य 20 हजार रुपए में एक एटीएम कार्ड के साथ खाता खरीदकर अकाउंट का इस्तेमाल ऑनलाइन सट्टा और साइबर फ्रॉड में करते थे। दुर्ग से ये कार्ड मुंबई सप्लाई करते समय पुलिस ने 5 आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 78 एटीएम कार्ड और 21 चेकबुक बरामद किये हैं।
पुलिस के अनुसार इन अकाउंट्स का इस्तेमाल कार्निवल और क्रेक्स ऐप में किया जाना था। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में बैंकिंग दस्तावेज और सिम कार्ड भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार पद्मनाभपुर थाने में 30 दिसंबर को एक खाताधारक ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसके मोबाइल दुकान में अमित मिश्रा मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता था। इसी दौरान अमित मिश्रा के परिचय से लोकेश जाधव उर्फ  लक्की दुकान पर आने-जाने लगा। कुछ महीने पहले लोकेश ने उसे कहा कि उसका भाई टवन का पैसा बाहर से आने वाला है। उसके पास बैंक खाता नहीं है। बदले में 20 हजार रुपए का लालच देकर उसने बैंक खाता इस्तेमाल करने की अनुमति ले ली।
खाता फ्रीज होने पर ठगी का पता चला
उसने एक्सिस बैंक महाराजा चौक शाखा और आईडीबीआई बैंक कुम्हारी शाखा का खाता लोकेश को दे दिया। कुछ दिन बाद आईडीबीआई बैंक का खाता फ्रीज होने पर उसे ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिलने पर मुख्य आरोपी लोकेश जाधव महाराष्ट्र के कल्याण भागने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने उसे दुर्ग बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से 33 एटीएम और क्रेडिट कार्ड, 15 चेकबुक, 9 पासबुक और 12 सिम कार्ड बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी लोकेश ने खुलासा किया कि वो अपने बड़े भाई टवन कुमार जाधव के साथ मिलकर म्यूल अकाउंट सप्लाई का काम करता है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने प्रगति मैदान बोरसी स्थित टवन जाधव के घर दबिश दी। घर की तलाशी में 28 एटीएम, क्रेडिट कार्ड, 8 चेकबुक, 8 पासबुक और 4 सिम कार्ड बरामद हुए।
पूछताछ में पता चला कि गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं। इसके बाद पुलिस ने विनय सिंह सेंगर, राजू गायकवाड और अमित मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी अलग-अलग लोगों के बैंक खाते, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड जुटाकर साइबर ठगों को सप्लाई करते थे। पुलिस ने आरोपियों से कुल 78 एटीएम, क्रेडिट कार्ड, 21 चेकबुक, 18 पासबुक और 16 कई कंपनियों के सिम कार्ड जब्त किए हैं।
आरोपियों के खिलाफ  पद्मनाभपुर थाना में अपराध दर्ज कर सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। दुर्ग सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि इस मामले में अभी जांच जारी है। आरोपियों से पूछताछ में कुछ नाम सामने आए हैं। उन्हें ट्रेस किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अन्य लोगों की संलिप्ता भी खंगाली जा रही है।

Check Also

हत्या के मामले में 7 गिरफ्तार

द सीजी न्यूज दुर्ग। शहर के पटरीपार क्षेत्र में शिव जी की बारात के दौरान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!