द सीजी न्यूज
दुर्ग/ आगामी गर्मी के सीजन में शहरवासियों को जलसंकट से राहत दिलाने नगर निगम ने वाटर सप्लाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने की ठोस योजना तैयार कर ली है। इस बार गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत न होने देने इंटकवेल और फिल्टर प्लांट में नए मोटर पंप लगाए जाएंगे।
महापौर अलका बाघमार ने बताया कि इंटकवेल में 120-120 एचपी क्षमता के दो नए मोटर पंप स्थापित किए जाएंगे, जिससे कच्चे पानी की आपूर्ति क्षमता में वृद्धि होगी। फिल्टर प्लांट में 97.33 लाख रुपये की लागत से एक अतिरिक्त मोटर पंप लगाया जाएगा, ताकि शुद्ध पेयजल की आपूर्ति निर्बाध बनी रहे।
मोटर पंपों की खरीदी के लिए शासन से 29 अगस्त 2025 को स्वीकृति मिल चुकी है। तकनीकी परीक्षण व निविदा प्रक्रिया के दौरान प्राप्त सुझावों के आधार पर तकनीकी विशिष्टताओं में आवश्यक सुधार किए गए हैं। सक्षम स्वीकृति में विलंब के कारण निविदा प्रक्रिया को दोबारा प्रारंभ किया गया है, जिसे जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा। सभी प्रक्रियाएं पूरी होते ही मोटर पंपों की स्थापना का कार्य तेज़ी से किया जाएगा। निगम के इन प्रयासों से नागरिकों को इस वर्ष जल संकट से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
महापौर अलका बाघमार ने आगामी गर्मी के सीजन से लोगों को जलसंकट की समस्या से निजात दिलाने के लिए मोटर पंप खरीदी का प्रस्ताव शासन को भेजा। शासन ने 3 पंप के लिए राशि स्वीकृत की। 1.94 करोड़ की लागत से इंटकवेल में 120-120 एचपी के दो मोटर पंप लगाए जाएंगे। फिल्टर प्लांट में 97.33 लाख की लागत से एक मोटर पंप लगाया जाएगा।
निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा कि इंटकवेल और फिल्टर प्लांट के लिए तीन मोटर पंप खरीदे जाने है। निविदा शर्तों की स्वीकृित का इंतजार किया जा रहा है। स्वीकृति मिलते ही पंप खरीदी की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी कर ली जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
