- तीन काले कृषि कानूनों की तरह मनरेगा में बदलाव से ग्रामीणों को नहीं मिलेगा लाभ – राजेंद्र साहू
- भाजपा सरकार ने 11 साल में कभी नहीं दिया सौ दिनों तक रोजगार, गिने चुने मजदूरों को मिल रहा रोजगार, हर साल घटा रहे बजट – राकेश ठाकुर
द सीजी न्यूज
दुर्ग। मनरेगा कानून में परिवर्तन को श्रमिक विरोधी कदम बताते हुए कांग्रेस ने अगले डेढ़ माह तक लगातार आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर दुर्ग में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में गुण्डरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद, मनरेगा आंदोलन प्रभारी राजेंद्र साहू, जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किये। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश भर के 12 करोड़ मनरेगा मजदूरों के अधिकारों को कुचल कर रख दिया है। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकीवाल, भिलाई कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, नीता लोधी, पूर्व सभापति राजेश यादव, अय्यूब खान सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि मनरेगा योजना में किया गया बदलाव महात्मा गांधी के आदर्शों पर कुठाराघात है, मजदूरों के अधिकारों को सीमित करने वाला निर्णय है। मोदी सरकार ने लोकसभा में बिल पास कर दुनिया की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी स्कीम मनरेगा को खत्म कर दिया है। गरीब मजदूरों से काम का अधिकार छीनने की जान-बूझकर की गई कोशिश है। मनरेगा योजना संविधान के आर्टिकल 21 से मिलने वाली अधिकारों पर आधारित गारंटी थी।
मनरेगा बचाओ संग्राम प्रभारी प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजेंद्र साहू ने कहा कि मनरेगा योजना दो दशकों से करोड़ों ग्रामीण परिवारों के लिए लाइफलाइन रहा है। कोविड-19 महामारी के दौरान यह ग्रामीणों के आर्थिक आधार को मजबूती देता रहा। इसे खत्म कर नया बीवी जीरामजी लागू कर ग्रामीण श्रमिकों के काम के अधिकार को समाप्त कर दिया गया है। मोदी सरकार के काले कृषि कानूनों की तरह इस योजना से भी ग्रामीण मजदूरों को कोई लाभ नहीं मिलेगा।
दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि अभी तक मनरेगा के तहत रोजगार की गारंटी थी। अब इस योजना को चलाना या न चलाना सरकार की मर्जी पर निर्भर होगा। राकेश ने दुर्ग जिले के आंकड़े बताते हुए कहा कि पूर्व में कांग्रेस सरकार के दौरान मनरेगा के तहत 42 लाख मानव दिवस सृजन का लक्ष्य था। पिछले साल इसे घटाकर 32 लाख मानव दिवस कर दिया गया। इस साल सिर्फ 18 लाख मानव दिवस सृजन का लक्ष्य दिया गया है। जिले में सक्रिय मनरेगा मजदूरों की संख्या डेढ़ लाख है। वर्तमान में मनरेगा के तहत जिले के मात्र 10 हजार मनरेगा मजदूरों को काम मिल रहा है। पूर्व के वर्षों में इस सीजन में 40 से 50 हजार मजदूरों को काम मिलता था। काम न मिलने पर ग्रामीण मजदूर काम की तलाश में छत्तीसगढ़ से पलायन करने पर मजबूर होंगे।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल और जिला कांग्रेस भिलाई अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि मनरेगा के तहत 90 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार देती थी। अब केंद्र सिर्फ 60 प्रतिशत राशि देगी। राज्यों की वित्तीय स्थिति खराब है। जैसे ही बजट का बोझ राज्य सरकारों पर पड़ेगा, वैसे ही मनरेगा योजना बंद होती जाएगी। 100 दिन से 125 दिन का रोजगार केवल सरकार की चालाकी है। छत्तीसगढ़ के 70 प्रतिशत गांव में भाजपा की सरकार आने के बाद से अघोषित तौर पर काम नहीं दिया जा रहा है। मोदी सरकार बनने के बाद पिछले 11 सालो में मनरेगा में काम देने का राष्ट्रीय औसत मात्र 38 दिनों का है। मोदी सरकार के कार्यकाल में कभी भी 100 दिन काम नहीं दिया गया।
इसी तारतम्य में 11 जनवरी से मनरेगा बचाओ संग्राम शुरू होगा। रविवार को गांधी प्रतिमा के सामने कांग्रेसी एक दिवसीय उपवास रखकर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। प्रेस कांफ्रेंस में अल्ताफ अहमद, नासिर खोखर, हरीश ठाकुर, पालेश्वर ठाकुर, सुशील भारद्वाज, मोहित वाल्दे, करीम खान, पोषण साहू, भोला महोबिया, विजेंद्र भारद्वाज, प्रेमलता साहू, निकिता मिलिंद, लोचन यादव, धर्मेंद्र साहू, घनश्याम साहू सहित अन्य कांग्रेसी उपस्थित रहे ।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
