दुर्ग/ नगर निगम दुर्ग की मेयर इन काउंसिल की बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र सहित जल प्रबंधन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय किये गए। महापौर अलका बाघमार की अध्यक्षता और आयुक्त सुमित अग्रवाल सहित सभी एमआईसी सदस्यों की उपस्थिति में हुई बैठक में एजेंडावार विस्तार से चर्चा करते हुए विकास कार्यों को मंजूरी दी गई।
बैठक में वार्ड 4 गया नगर में 1500 किलोलीटर क्षमता के उच्च स्तरीय जलागार के निर्माण हेतु 15 वें वित्त आयोग से अनुदान अंतर्गत मिलियन प्लस सिटीज (जल प्रबंधन) योजना के तहत राशि रुपये 199.02 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई।
महाराजा चौक से बोरसी चौक तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण कार्य (लंबाई 1.80 किमी) के अंतर्गत आवश्यक पाइपलाइन शिफ्टिंग कार्य को स्वीकृति दी गई। मिनीमाता चौक से महाराजा चौक ठगड़ा डेम तक पाइपलाइन शिफ्टिंग कार्य को वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल करते हुए 4 करोड़ 39 लाख की स्वीकृति दी गई है।
चण्डी मंदिर से नया पारा मार्ग चौड़ीकरण व पुनर्निर्माण कार्य (लंबाई 0.90 किमी) के अंतर्गत पाइपलाइन शिफ्टिंग कार्य के लिए 1 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई। इसके अलावा 8 स्थानों पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र स्थापित करने का निर्णय भी लिया गया।
स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन घटक के तहत सूखे व गीले कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन हेतु संयंत्रों की स्थापना और पूर्व से स्थापित संयंत्रों के उन्नयन/विकास और आगामी 5 वर्षों के संचालन व संधारण कार्य के लिए कुल 15 करोड़ 97 लाख के कार्य को मंजूरी दी गई।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि इन कार्यों से बेहतर जल प्रबंधन और स्वच्छता अभियान को बेहतर आयाम मिलेगा। महापौर ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन करने 8 स्थानों का शीघ्र चिन्हांकन करने के निर्देश भी दिये, ताकि निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ किया जा सके।
बैठक में एमआईसी सदस्य नरेंद्र बंजारे, देवनारायण चंद्राकर, शेखर चंद्राकर, लीना देवांगन, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, काशीराम कोसरे, मनीष साहू, शिव नायक, लीलाधर पाल, शशि साहू, नीलेश अग्रवाल, हर्षिका संभव जैन सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
Check Also
हत्या के मामले में 7 गिरफ्तार
द सीजी न्यूज दुर्ग। शहर के पटरीपार क्षेत्र में शिव जी की बारात के दौरान …
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal