द सीजी न्यूज
दुर्ग। सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने शहर में 60 डॉग फीडिंग सेंटरों का निर्माण पूरा कर लिया है। सभी केंद्र निर्धारित समय-सीमा से पहले ही तैयार कर लिए गए हैं। ताकि, सड़क पर रहने वाले कुत्तों को नियमित भोजन और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जा सके।
इन सेंटरों में खाने और पानी के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई हैं। कई स्थानों पर लोग इन केंद्रों पर स्वच्छ भोजन डाल रहे हैं और निगम की पहल को सहयोग दे रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट द्वारा पशुओं की सुरक्षा और नियंत्रण के लिए दिए गए निर्देशों के अनुरूप नगर निगम ने एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर सक्रिय कर दिया है। यहां कुत्तों की नसबंदी, टीकाकरण और एंटी-रेबीज़ इंजेक्शन की पूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। विशेषज्ञ टीम नियमित रूप से कुत्तों को पकड़कर सेंटर में लाती है, यहां मेडिकल प्रक्रिया के बाद उन्हें उनके मूल क्षेत्र में वापस छोड़ा जाता है।
निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल का कहना है कि शहर में कुत्तों की बढ़ती संख्या को मानवीय तरीके से नियंत्रित करना आवश्यक है, ताकि नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ पशुओं के प्रति संवेदनशीलता बनी रहे। इसी उद्देश्य से सुप्रीम कोर्ट के सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। निगम आयुक्त ने बताया कि आने वाले समय में डॉग फीडिंग सेंटरों की मॉनिटरिंग को और मजबूत किया जाएगा। नागरिकों से निर्धारित स्थानों पर ही भोजन डालने कहा जा रहा है। ताकि, शहर में स्वच्छता बनी रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal