Breaking News

असम में भूपेश बघेल के काफिले पर जानलेवा हमला : कार के शीशे टूटे : भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प, पुलिस ने चलाई लाठियां

THE CG NEWS

गुवाहाटी। सोमवार को सांसद गौरव गोगोई और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के काफिले पर जानलेवा हमला किया गया। वे एक चुनावी मीटिंग के लिए लोरिमुख इलाके की तरफ जा रहे थे। तभी उनके काफिले की गाड़ियों पर पत्थर फेंके गए।

इस घटना में नागांव सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार सीबामोनी बोरा की गाड़ी को ज्यादा नुकसान पहुंचा। उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए। कांग्रेस नेताओं की गाड़ी पर कथित तौर पर एसिड फेंका गया और जमकर पथराव हुआ। इस घटना के बाद चुनाव आयोग पर सवाल उठ रहे हैं।

इस हमले को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह हमला बीजेपी कार्यकर्ताओं की ओर से किया गया है। इस हमले के दौरान गाड़ियों के अंदर मौजूद कांग्रेस नेताओं की जान जाते-जाते बची। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने भूपेश बघेल और गौरव गोगोई की गाड़ी को निशाना बनाते हुए उस पर घातक एसिड फेंका।

गनीमत यह रही कि उस वक्त गाड़ी के शीशे पूरी तरह बंद थे। अगर शीशे जरा भी खुले होते, तो बहुत बड़ी अनहोनी हो सकती थी। इस जानलेवा हमले में एआईसीसी के सचिव मनोज चौहान और कुछ अन्य स्थानीय नेताओं को चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बघेल ने इंटरनेट मीडिया एक्स पर एक पोस्ट डालकर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने लिखा है कि नगांव में चुनाव प्रचार के लिए जा रहे काफ़िले पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव कर प्राणघातक हमला किया।

असम की नागांव लोकसभा सीट पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा। उससे पहले बीजेपी और कांग्रेस ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस के कई बड़े चेहरे प्रचार का जिम्मा संभाले हुए हैं। यह हमला नागांव में सामगुरी के बोरमा इलाके में हुआ। जब काफिला लोरिमुख इलाके की ओर जा रहा था तो कुछ लोगों ने काफिले की गाड़ियों पर पथराव कर दिया।

काफिले में धुबरी के सांसद रकीबुल हुसैन और पार्टी उम्मीदवार सीबामोनी बोरा आदि भी शामिल थे। यह सभी चुनाव प्रचार के लिए एक चुनावी मीटिंग को अटैंड करने जा रहे थे तभी लोगों ने उनकी गाड़ियों पर पथराव कर दिया।

पुलिस ने बताया कि कांग्रेस नेताओं को काले झंडे दिखाने के लिए भाजपा समर्थक रास्ते में एकत्र थे। ‘जब दोपहिया वाहनों पर सवार करीब 30 से 40 कांग्रेस कार्यकर्ता उस इलाके से गुजरे, तो ‘गौरव गोगोई वापस जाओ, कांग्रेस वापस जाओ, रकीबुल वापस जाओ’ जैसे नारे लगाए गए, जिससे तनाव पैदा हो गया।’

बैठक के बाद जब कांग्रेस का काफिला उसी रास्ते से लौटा, तो भाजपा समर्थकों ने विपक्षी पार्टी की गाड़ियों पर कथित तौर पर पत्थर फेंके। उन्होंने कहा, ‘भाजपा समर्थकों ने कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ कथित तौर पर मारपीट भी की, जबकि इलाके में तैनात सीआरपीएफ जवानों ने हालात को काबू में करने के लिए हमलावरों पर लाठीचार्ज किया।’

असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उस कार पर पत्थर और बोतलें फेंकीं, जिसमें वह और बघेल यात्रा कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘भीड़ पर काबू के लिए पुलिस से काफी पहले अनुरोध किया गया था, लेकिन हालात को बिगड़ने दिया गया। क्या भारत के निर्वाचन आयोग को भाजपा-शासित राज्यों में हिंसा की ऐसी घटनाओं पर मूकदर्शक बने रहना चाहिए? असल में, भाजपा को अपराधियों के लिए एक भर्ती प्रकोष्ठ खोलना चाहिए।’

कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा द्वारा ‘लोकतंत्र की हत्या’ के बाद, मुख्यमंत्री शर्मा ने अपने राजनीतिक विरोधियों को ‘खत्म करने के लिए अपने गुंडे भेजे हैं’। कांग्रेस नेताओं और उनके अभियान से सत्ताधारी भाजपा परेशान हो गई है। बाद में, राज्य महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मीरा बोरठाकुर गोस्वामी ने हिंसा को लेकर नगांव सदर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कहा कि शिकायत की ‘जांच’ की जा रही है।

इधर कांग्रेस महासचिव और असम प्रभारी भूपेश बघेल ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईआईयूडीएफ) प्रमुख बदरुद्दीन अजमल पर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि दोनों के बीच की मिलीभगत नागांव में चल रहे चुनावी मुकाबले में स्पष्ट रूप से नजर आ रही है।

Check Also

गंगरेल के ठेमली द्वीप पर बसा रोमांच का नया संसार, शुरू हुआ आइलैंड कैंपसाइट

एडवेंचर, नेचर और कम्युनिटी टूरिज्म के संगम से पर्यटन को मिली नई दिशा विभिन्न राज्यों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!