Breaking News

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया निरीक्षण, प्रभावित परिवारों से मिले

  • राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

THE CG NEWS

दुर्ग। लगातार बारिश और शिवनाथ नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए केबिनेट मंत्री दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने आज बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने भरदा में शिवनाथ नदी के बढ़ते जलस्तर और जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया।

कोनारी-भरदा क्षेत्र में सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए गए करीब 200 बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।

केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कलेक्टर, एसपी, एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ पुलगांव स्थित यादव समाज भवन पहुंचकर प्रभावित परिवारों के ठहरने और भोजन व्यवस्था का जायजा लिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और उनके लिए भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली व अन्य आवश्यक सुविधाएं निरंतर उपलब्ध रहें। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मंत्री यादव ने जिला प्रशासन की टीम के साथ अंजोरा स्थित पुल का निरीक्षण किया। जलस्तर की स्थिति का जायजा लेते हुए आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सुरक्षा व बचाव व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों से नदी के जलस्तर, आवागमन और संभावित प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी लेते हुए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए।

मंत्री यादव ने दुर्ग के पुलगांव बस्ती में बाढ़ से प्रभावित परिवारजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के बीच प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक उनके ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था शासन-प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की जा रही है।

मंत्री यादव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का निरंतर ध्यान रखा जाए और जरूरत के अनुसार हर संभव सहायता व आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। इस कठिन परिस्थिति में शासन-प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मंत्री यादव ने सभी नागरिकों से नदी व जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की। उन्होंने गणेश विसर्जन के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित व्यवस्था और दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह करते हुए कहा कि सभी लोग सावधानी बरतें और किसी भी जोखिम वाले स्थान पर जाने से बचें।

इस अवसर पर कलेक्टर अभिजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, एसडीएम महेश राजपूत, दुर्ग नगर निगम आयुक्त लीना कोसम, पार्षद कुलेश्वर साहू व कमल देवांगन सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Check Also

छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने बढ़ाया देश-प्रदेश का गौरव : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्टार खिलाड़ी संजू देवी से फोन पर की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!