Breaking News

वैशाली नगर के दर्जनों वार्डों में सड़क-नाली की बुनियादी सुविधाएं नहीं : चुनाव से पहले विकास कार्य कराने 20 करोड़ 52 लाख की मंजूरी

जुनवानी वार्ड की एक सड़क का हाल ऐसा

 THE CG NEWS

भिलाई। वैशाली नगर क्षेत्र के ज्यादातर वार्डों में विकास कार्यों की डिमांड होने के बावजूद सरकार से राशि मंजूर नहीं हुई। कई वार्डों के निवासी सड़क, नाली, सफाई, प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं। कुछ महीने बाद चुनाव होने वाले हैं। लिहाजा सरकार ने पब्लिक की नाराजगी को देखते हुए 20 करोड़ 52 लाख रुपए की मंजूरी दी है।

विधायक रिकेश सेन के प्रयासों से नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने 15 वें वित्त आयोग के तहत वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड 1 से वार्ड 37 तक के लिए कुल 20 करोड़ 52 लाख 43 हजार रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति दी है। विधायक द्वारा शासन को भेजे गए कार्ययोजना प्रस्ताव पर मुहर लगने से क्षेत्र के 37 वार्डों में लंबे समय से प्रतीक्षित बुनियादी अधोसंरचना के कार्यों को गति मिलेगी।

स्वीकृत प्रस्ताव के अनुसार वार्ड 1 से 37 के अंतर्गत कुल 85 महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें विभिन्न वार्डों के आंतरिक व मुख्य अधोसंरचना विकास हेतु 20.03 करोड़ रुपये से अधिक राशि दी गई है। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में आधुनिक प्रकाश व्यवस्था व सौंदर्यीकरण के लिए डिजाइनर पोल लगाने 49 लाख रुपये दिये गए हैं।

खम्हरिया मुक्तिधाम मार्ग व गलियों में 40 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड व नाली निर्माण होगा। स्मृति नगर, पुष्पक नगर और आनंद नगर में लगभग 58.75 लाख रुपये से आरसीसी नाली बनेगी। नेहरू नगर एलआईजी में सीसी रोड व नाली हेतु 40 लाख, दक्षिण गंगोत्री एवं लोधीपारा क्षेत्र में डामरीकरण व सीमेंटीकरण और राधिका नगर व कल्याण समिति क्षेत्र में हाई मास्ट लाइट व मार्ग सीमेंटीकरण के कार्य स्वीकृत किए गए हैं।

सुंदर नगर, फरीद नगर में कव्हर नाली व सीमेंटीकरण के कार्य होंगे। शिक्षक नगर, विवेकानंद नगर व सनातन नगर में 40 लाख की लागत से सीसी रोड बनेगी। साकेत नगर भेलवा तालाब से कृष्णा ग्रांड सिटी तक सड़क व नाली के लिए 75 लाख, अंबेडकर नगर में डामरीकरण, सीमेंटीकरण व नाली निर्माण के लिए 114 लाख और वैशाली नगर व काली बाड़ी मैदान में पेवर ब्लॉक, आरसीसी नाली, डोमशेड व ट्यूबुलर पोल स्थापना के लिए 145 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।

कैलाश नगर और परशुराम मार्ग में 95 लाख रुपये से सीसी रोड का निर्माण होगा। हाउसिंग बोर्ड फौजी नगर व एमआईजी क्षेत्र में सड़क, नाली व सीवरेज नवीनीकरण हेतु 150 लाख, जवाहर नगर में सीमेंटीकरण, कलवर्ट और सीसी रोड के लिए 178.99 लाख, राम नगर व कब्रिस्तान क्षेत्र में नाला रिटेनिंग वॉल व सीसी रोड निर्माण हेतु 241.68 लाख रुपये स्वीकृत किये गए हैं। शास्त्री नगर, प्रेम नगर, वृंदा नगर व प्रगति नगर में आंतरिक सड़कों के सीमेंटीकरण के कार्य कराए जाएंगे।

आदर्श नगर कबीर भवन व जेपी नगर मार्ग पर 28 लाख रुपये से सीसी रोड और आरसीसी नाली निर्माण होगा। बैकुंठधाम क्षेत्र में नाली, सीमेंटीकरण व पेवर ब्लॉक, संतोषी पारा व शिवाजी नगर में सीसी रोड व नाली पुलिया कव्हर कार्य और किशन चौक, टाटा लाइन, रवि रविदास नगर व चटाई क्वार्टर क्षेत्र में सीमेंटीकरण व नाली निर्माण के कार्य शामिल हैं।

वार्ड 1 से 37 के अंतर्गत आने वाली कॉलोनियों, बस्तियों और प्रमुख रिहायशी क्षेत्रों में जल निकासी, जर्जर सड़कों के डामरीकरण और प्रकाश व्यवस्था की मांग स्थानीय नागरिक लंबे समय से कर रहे थे। 20.52 करोड़ रुपये से विकास कार्यों की मंजूरी मिलने के बाद अब वैशाली नगर की जनता की समस्याएं कुछ हद तक दूर हो सकेगी।

Check Also

एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता टीम की संजू देवी को सीएम साय ने 51 लाख रु देने की घोषणा की

छत्तीसगढ़ की बेटी ने अपनी प्रतिभा और परिश्रम से देश-प्रदेश का मान बढ़ाया : मुख्यमंत्री  …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!