THE CG NEWS
भिलाई नगर। नगर निगम भिलाई में सरकारी राशि के दुरुपयोग का एक बड़ा मामला सामने आया है। परियोजना शाखा के अंतर्गत हुए पेवर ब्लॉक स्थापना कार्य में लाखों के भ्रष्टाचार की पोल खुली है।
भाजपा पार्षदों द्वारा की गई शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक रिकेश सेन ने कलेक्टर से इसकी उच्च स्तरीय जांच करने कहा था। जांच की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को सौंपी गई थी।
जांच में निगम के सब इंजीनियर समेत कुल 8 अधिकारियों को सीधे तौर पर दोषी पाया गया है। जांच टीम ने अर्पित बंजारे, श्वेता महेश्वर, श्वेता वर्मा, रीमा जामुलकर, पुरुषोत्तम सिन्हा, प्रभा टोप्पो, कृष्णा जंघेल और चंदन निर्मलकर को दोषी बताया है। इनमें से 7 अधिकारियों पर लगभग 16 लाख रुपये से अधिक की रिकवरी निकाली गई है।
सिर्फ रिकवरी काफी नहीं, सीधे हो बर्खास्तगी- विधायक रिकेश
विधायक रिकेश सेन ने कड़ा रुख अपनाते हुए राज्य शासन को पत्र लिखकर इन सभी दोषी अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि केवल रिकवरी निकालकर भ्रष्ट अधिकारियों को छोड़ देना भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने जैसा है। सेन ने चेतावनी दी है कि दोषी अधिकारियों पर कड़ी बर्खास्तगी की कार्रवाई न होने पर आगामी विधानसभा के शीतकालीन सत्र में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएंगे।
रिकेश ने कहा कि शहर सरकार इन अफसरों को संरक्षण देना बंद नहीं करती और तत्काल विशेष बैठक बुलाकर बर्खास्तगी का प्रस्ताव नहीं भेजती, तो यह माना जाएगा कि यह पूरा भ्रष्टाचार शहर सरकार के इशारे पर हुआ है। जनता को बेनकाब चेहरों की सच्चाई दिखाने के लिए इन सभी इंजीनियर्स के पोस्टर पूरे शहर में लगाए जाएंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
