द सीजी न्यूज डॉट कॉम
अंबिकापुर में लॉकडाउन का फायदा उठाकर अतिक्रमण करने वालों पर कार्यवाही करने गईं प्रशासन की टीम पर हमला करने वाले 8 ग्रामीणों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। इसी मामले में एसडीएम द्वारा दो लोगो के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्यवाही की गई। नायब तहसीलदार किशोरो वर्मा ने बताया कि अम्बिकापुर जनपद अंतर्गत ग्राम बढ़नीझरिया में भूमि अतिक्रमण कर निर्माण कार्य करने की सूचना मिलने पर बुधवार को राजस्व और पुलिस की टीम के साथ मौके पर दबिश दी गई। उन्होंने ग्रामीणों को अतिक्रमण हटाने की समझाईश दी।इस पर ग्रामीण उग्र होकर टीम पर ईंट, पत्थर, सब्बल से हमला कर दिए।
ग्रामीणों ने पटवारी के साथ मार-पीट की और शासकीय वाहन और दस्तावेज को क्षतिग्रस्त कर आधा घंटे तक बंधक बना लिया। मामले की सूचना पर एसडीएम और सीएसपी मौके पर पहुंचे और टीम को ग्रामीणों से मुक्त कराया। दस्तावेज वापस कराए गए। प्रशासनिक अमले पर मार-पीट करने और शासकीय वाहन और दस्तावेज को नुकसान पहुंचाने के कारण नायब तहसीलदार द्वारा राजकुमार, सुखसाय, नधिरत, इंद्र कुंवर, मनिरथ, दिलकुंवर, टिबन और सुशीला सभी निवासी बढ़नीझरिया के विरुद्ध गांधीनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इन सभी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 147, 148, 149, 186, 294, 332, 353, और 506 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal