- वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भिलाई नगर निगम, दुर्ग नगर निगम और भिलाई-चरौदा नगर निगम में विकास कार्यों का करेंगे भूमिपूजन-लोकार्पण
- 56.21 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले ट्रांसपोर्ट नगर का करेंगे भूमिपूजन, 16.19 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले गौरवपथ का करेंगे भूमिपूजन
द सीजी न्यूज डॉट कॉम

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार को दोपहर 12 बजे जिले में 110 करोड़ 42 लाख रुपए की लागत से बनने वाली योजनाओं का भूमिपूजन-लोकार्पण करेंगे। नगरीय निकाय दुर्ग, भिलाई और भिलाई-चरौदा में निर्मित-प्रस्तावित कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा। सबसे महत्वपूर्ण कार्य भिलाई-चरौदा निगम में ट्रांसपोर्ट नगर का भूमिपूजन है, जिसकी लागत 56 करोड़ 21 लाख रुपए है। इसके निर्माण से ट्रांसपोर्टर्स को काफी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री भिलाई-चरौदा निगम में 16.19 करोड़ की लागत से गौरवपथ के कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे। नगर निगम भिलाई में 18.64 करोड़ रुपए के कार्यों का भूमिपूजन होगा और 2 करोड़ रुपए के कार्यों का लोकार्पण होगा। नगर निगम दुर्ग के अंतर्गत 14 वें वित्त आयोग के कार्यों का भूमिपूजन होगा। इसकी लागत 19.38 करोड़ रुपए होगी।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर, पीएचई मंत्री गुरु रुद्र कुमार और नगरीय प्रशासन मंत्री शिव कुमार डहरिया कार्यक्रम में शामिल होंगे। क्षेत्र के विधायक और निगम के महापौर भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे। कलेक्टर डाॅ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे विकास कार्यों के संबंध में संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal