द सीजी न्यूज डॉट कॉम

खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत सिंह भगत ने कहा है कि नवा रायपुर में अत्याधुनिक फूड टेस्टिंग लेबोरेटरी की स्थापना की जाएगी। भगत ने आज अपने निवास कार्यालय से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य में किसानों से खरीदे गए धान के सुरक्षित भण्डारण के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग 6 नए गोदामों का ई-भूमि पूजन करते हुए ये बातें कही। लगभग 54 हजार मीटरिक टन क्षमता वाले इन गोदामों का निर्माण जल्द शुरू होगा। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग जिले में ये गोदाम बनाए जाएंगे। इन गोदामों के निर्माण के लिए 25 करोड़ 81 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
खाद्य मंत्री ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के सुचारू संचालन में छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन की महत्वपूर्ण भूमिका है। खाद्यान्नों के भंडारण के लिए वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन नवीन तकनीक का उपयोग कर रही है। पायलेट प्रोजेक्ट के तहत सूरजपुर में सेल्फ सपोर्टेड ट्रशलेस गोदाम का निर्माण किया जा रहा है। नवा रायपुर में कार्पोरेशन द्वारा सर्व सुविधा युक्त फूड टेस्टिंग लेबोरेटरी का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए भूमि क्रय कर ली गई है। निर्माणाधीन गोदाम परिसर में कार्यालय स्टाफ और श्रमिकों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहेगी।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाऊसिंग कार्पोरेशन के चेयरमेन और दुर्ग शहर विधायक अरूण वोरा, अभनपुर के विधायक धनेन्द्र साहू, बिलासपुर शहर के विधायक शैलेश पाण्डेय, तखतपुर विधायक डॉ. रश्मि सिंह, धरसींवा विधायक अनिता शर्मा, नगर निगम बिलासपुर के महापौर रामशरण यादव, कार्पोरेशन के प्रबंध संचालक अभिनव अग्रवाल, महाप्रबंधक डॉ. अजय शंकर कन्नौजे सहित अन्य जनप्रतिनिधि ऑनलाइन शामिल हुए।
छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाऊसिंग कार्पोरेशन द्वारा निरंतर भण्डारण क्षमता में वृद्धि की जा रही है। वर्तमान में 16 लाख 15 हजार 21 मीट्रिक टन भण्डारण क्षमता है। मार्च 2022 तक 2 लाख 24 हजार मीटरिक क्षमता के नए गोदाम बनाए जाएंगे। वेयर हाऊसिंग कार्पोरेशन द्वारा किराए के गोदामों के जरिए 3 लाख 58 हजार 995 मीटरिक टन भंडारण क्षमता में वृद्धि की गई है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal