
मुख्यमंत्री ने कोरिया व सूरजपुर जिले को दी 460 करोड़ रु के विकास कार्याें की सौगात दी
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि विकास का सही मतलब लोगों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाना है। प्रदेश सरकार द्वारा आम जनता के जीवन में खुशहाली लाने के लिए सुराजी गांव योजना नरवा, गरूवा, घुरूवा, बाड़ी कार्यक्रम, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, वनोपज संग्रहण और प्रसंस्करण के जरिए ग्रामीण अंचल में छोटे-छोटे उद्यम एवं स्वरोजगार की शुरूआत की गई है। इससे पूरे राज्य में स्वावलंबन का नया वातावरण दिखाई पड़ रहा है। गांवों में उद्यम से रोजगार के नए रास्ते खुले हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज अपने रायपुर निवास कार्यालय में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में सूरजपुर और कोरिया जिले को 460 करोड़ 14 लाख रुपए की लागत के विकास कार्यों के लोकार्पण व भूमिपूजन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर कोरिया एवं सूरजपुर जिले में जनसुविधा के विकास के लिए 368 निर्माण कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया, जिनमें 184 करोड़ 28 लाख 75 हजार रूपए की लागत वाले 187 कार्यों का लोकार्पण और 275 करोड़ 85 लाख 39 हजार रूपए की लागत वाले 180 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम के आग्रह पर सरहरी- सिंघरा-चरमपुर मार्ग स्थित बांकी नदी में पुल निर्माण कराए जाने और संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े की मांग पर सूरजपुर जिले के ओडगी व लटोरी में सहकारी बैंक की शाखा खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने संसदीय सचिव अंबिका सिंहदेव व विधायक डॉ. विनय जायसवाल के आग्रह पर कोरिया में जिला अस्पताल भवन और चिरमिरी में एडवेंचर पार्क के निर्माण कार्य को अतिशीघ्र शुरू करने के निर्देश कलेक्टर को दिए। सूरजपुर जिले में तेलाईकछार-केनापारा में विकसित पर्यटन स्थल के प्राकृतिक सौंदर्य की मुख्यमंत्री ने सराहना करते हुए पर्यटकों की सुविधा और विश्राम के लिए हट व विश्राम भवन का निर्माण कराने के निर्देश कलेक्टर को दिए।
कार्यक्रम को विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत, शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, संसदीय सचिव अंबिका सिंहदेव, पारसनाथ राजवाड़े, विधायक डॉ. विनय जायसवाल और गुलाब कमरो ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े, सरगुजा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और विधायक गुलाब कमरो, विधायक डॉ. विनय जायसवाल, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू उपस्थित थे। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत, कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, संसदीय सचिव अंबिका सिंहदेव, विधायकगण व अन्य जनप्रतिनिधि वर्चुअल रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal