- मुख्यमंत्री ने भारतीय दल के सभी खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आज शाम उनके निवास कार्यालय में भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता ने सौजन्य मुलाकात की। मेहता ने टोक्यो, जापान में 23 जुलाई से 8 अगस्त के बीच होने जा रहे 32 वें ओलम्पिक खेलों में बतौर भारतीय ओलंपिक संघ के डिगनैट्री शामिल होने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को आमंत्रण पत्र दिया।
मुख्यमंत्री ने टोक्यो ओलंपिक में शामिल होने का न्योता सहर्ष स्वीकार किया और 32वें ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे सभी खिलाड़ियों को बधाई व शुभकानाएं देते हुए आशा जताई कि हमारे खिलाड़ी पूरे जोश से हिस्सा लेते हुए ओलंपिक खेलों में भारत का झंडा गाड़ेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा करेंगे।
मेहता ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में खेल गतिविधियों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ में कई महत्वपूर्ण खेल आयोजित होंगे। गुरचरण सिंह होरा ने मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ में खेलों के विकास से जुड़े यूनियन क्लब की नई कार्यकारिणी के निर्वाचन के सम्बंध में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने यूनियन क्लब की नवगठित कार्यकारिणी के अध्यक्ष होरा सहित सभी सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के सीईओ बशीर अहमद खान और कोषाध्यक्ष साईराम जाखड़ उपस्थित रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal