
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
छत्तीसगढ़ राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष व दुर्ग के विधायक अरुण वोरा ने अध्यक्ष कार्यकाल के 1 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की और एक वर्ष की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड सौंपा। वोरा ने भंडार गृह निगम की ओर से कोरोना की तीसरी लहर से बचाव की तैयारियों के लिए मुख्यमंत्री सहायता कोष में 11 लाख रु की राशि का चेक भी सौंपा। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री सहायता कोष में 11 लाख की सहयोग राशि देने पर वोरा को धन्यवाद दिया।
वोरा ने कार्पोरेशन की उपलब्धियों के बारे में बताते हुए मुख्यमंत्री को बताया कि प्रदेश सरकार की विकासवादी सोच के अनुरूप लगातार गोदामों क्षमता बढ़ाने के साथ ही नए गोदामों का निर्माण किया जा रहा है। एक वर्ष में 31 हजार 600 मीट्रिक टन क्षमता के नए गोदामों का निर्माण पूरा किया गया है। 24 स्थानों पर 2.068 लाख टन क्षमता के गोदामों का निर्माण जारी हैं।
वोरा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2019-20 में निगम ने 104.426 करोड़ का लाभ अर्जित किया है। 20-21 में लाभ बढ़कर 141 करोड़ होना संभावित है। इसके अलावा 14 करोड़ की लागत से नवा रायपुर में मध्य भारत का पहला फ़ूड टेस्टिंग लैब का निर्माण प्रस्तावित है। निगम के गठन के 19 वर्षों बाद स्वयं का सेवा भर्ती और पदोन्नति नियम 2021 की शासन से स्वीकृति और दूरस्थ स्थानों पर समय पर राशन सुनिश्चित करने 1500 राशन दुकान सह गोदामों के निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ करना बड़ी उपलब्धि है।
वोरा ने कहा कि निगम ने किसान और कर्मचारी हित का विशेष ध्यान रखते हुए सामान्य किसानों को भंडारण शुल्क में 20 प्रतिशत और अनुसूचित जाति व जनजाति के किसानों को 30 प्रतिशत की छूट दी है। कोरोना काल में कर्मठता से अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करने के एवज में प्रोत्साहन के रूप में एक माह का वेतन दिया गया और कोविड से काल कलवित हुए 5 कर्मचारियों के परिजनों को तत्काल अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने वोरा के कार्यों और सक्रियता की तारीफ करते हुए निगम की सेवाओं को और बेहतर बनाने प्रोत्साहित किया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal