• मुख्यमंत्री ने अपने जन्म दिवस पर कुम्हारी अंचल के युवाओं को दी महाविद्यालय की सौगात
  • प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर ने महाविद्यालय का नामकरण स्व. बिंदेश्वरी बघेल के नाम पर करने की घोषणा की

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास कार्यालय में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम के जरिए दुर्ग जिले के कुम्हारी में नवीन शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुम्हारी में महाविद्यालय का खुलना शिक्षा का दीप जलाना मेरे लिए खुशी की बात है। यह हम सबका सौभाग्य है कि हम सब मिलकर छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा कर रहे हैं। नया महाविद्यालय खुलने से कुम्हारी सहित आसपास के इलाके के युवाओं के लिए अब उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए दुर्ग-भिलाई, अहिरवारा और रायपुर जाने की जरूरत नहीं होगी। महाविद्यालय में तीनों संकायों कला, विज्ञान, वाणिज्य के अध्ययन-अध्यापन की सुविधा सहजता से सुलभ होगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में कृषि एवं जलसंसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने विधानसभा क्षेत्र में शुरू हुए महाविद्यालय के नामकरण की घोषणा दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री एवं वन मंत्री मोहम्मद अकबर द्वारा स्व. बिंदेश्वरी बघेल के नाम पर करने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, गणमान्य लोगों और महाविद्यालय परिवार को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह मेरे लिए भावुक क्षण है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इस नवीन महाविद्यालय के प्राचार्य और प्राध्यापकगण शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष रूप से ध्यान देंगे, ताकि यहां शिक्षा अध्ययन करने वाले युवा विद्यार्थी अंचल का नाम रोशन कर सके।

दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री एवं वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ समग्र विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है। राज्य में गरीब परिवार के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर 172 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोले गए हैं। राज्य में जरूरत के मुताबिक महाविद्यालय भी खोले जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ सरकार किसानों, ग्रामीणों, तेन्दूपत्ता संग्राहकों और भूमिहीन कृषि मजदूरों को विभिन्न योजनाओं से सहायता उपलब्ध करा कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में जुटी है। मुख्यमंत्री का यह मानना है कि छत्तीसगढ़ को सशक्त बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाना जरूरी है। अकबर ने इस मौके पर कुम्हारी के नवीन शासकीय महाविद्यालय का नामकरण मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की माता स्व. बिंदेश्वरी बघेल के नाम पर करने की घोषणा की जिसका उपस्थित जन समुदाय ने करतल ध्वनि से स्वागत किया। कुम्हारी के नगर पालिका अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर ने भी नवीन महाविद्यालय की सौगात के लिए कुम्हारी की जनता की ओर से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार जताया।
कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से शामिल हुए उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने कहा कि कुम्हारी में नवीन शासकीय महाविद्यालय शुरू होना खुशी की बात है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मार्गदर्शन में राज्य में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता और  अधोसंरचना पर विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के 85 महाविद्यालय आज की स्थिति में नैक ग्रेडिंग प्राप्त कर चुके है। वर्ष 2022 तक राज्य के सभी महाविद्यालय को नेक ग्रेडिंग में लाने के लिए तेजी से शिक्षा की गुणवत्ता और अधोसंरचना को विकसित किया जा रहा है। महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. अमृता कस्तूरे ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और कहा कि कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय में 90-90 सीटें है जिन पर छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जा रहा है। कार्यक्रम में नगर पालिका कुम्हारी के उपाध्यक्ष के. रविकुमार, लोक निर्माण समिति के चेयरमेन मनहरण यादव, जानकी ध्रुव सहित अन्य पार्षदगण और गणमान्य लोग उपस्थित थे।