
- 96 लाख रूपए की लागत से बेमेतरा में सहकारी बैंक के शाखा भवन के निर्माण की घोषणा
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
पाटन के सेलूद में आयोजित सहकारिता सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज कहा कि सहकारिता के कानून इतने क्लिष्ट होते थे कि आम जनता को समझ में नहीं आते थे। इसके कारण उन्हें काफी परेशानी होती थी। हमने कानूनों को सरल करने के लिए कहा, ताकि आम जनता को भी यह आसानी से समझ में आए और उनके लिए सहकारिता से लाभ उठाना आसान हो। धान खरीदी केंद्रों की संख्या को भी बढ़ाया गया ताकि जनता को किसी तरह की असुविधा ना हो। पहले 2000 धान खरीदी केंद्र थे, अब इनकी संख्या 2300 हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले किसानों को तहसील केंद्र तक आने में काफी दूरी तय करनी पड़ती थी। हमने नए तहसील बनाए और अब 222 तहसीलों के माध्यम से किसानों को सुविधा मिल रही है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर धान खरीदी और सहकारिता आंदोलन की चर्चा भी की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पहला ऐसा राज्य है, जिसने सहकारिता के महत्व को समझा। यहां सोसाइटी के माध्यम से धान की खरीदी शुरू हुई, जिसके लिए वासुदेव चंद्राकर जैसे पुरखों का बहुत बड़ा योगदान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि न केवल हमारी सरकार ने किसानों के लिए कर्ज माफी की बल्कि सिंचाई कर भी माफ किया। इसके साथ ही स्व-सहायता समूहों का कर्ज माफ किया। भूमिहीन कृषकों के लिए योजना लाने के साथ ही नरवा, गरूवा, घुरवा, बाड़ी के माध्यम से तेजी से ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। प्रदेश में गोबर से बिजली बनाने के संबंध में भी विचार हो रहा है। गौठान के गोबर की बिजली से गांव की स्ट्रीट लाइट, हालर मिल आदि इसी बिजली से चल सकेंगे।

उन्होंने कहा कि गौठान आत्मनिर्भर ग्रामीण आजीविका केंद्र के रूप में विकसित हो रहे हैं जिससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार की नई संभावनाएं विकसित हो रही है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 96 लाख रुपये की लागत से बेमेतरा में मुख्यालय में नए सहकारी बैंक के शाखा भवन के निर्माण की घोषणा भी की। इस मौके पर सहकारिता मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में बहुत अच्छा काम प्रदेश में हो रहा है। मोबाइल बैंकिंग आदि सुविधाओं का लाभ सहकारी बैंक प्रदान कर रहा है जिससे उपभोक्ताओं को खासा लाभ हुआ है, इसके साथ ही किसानों को सुविधा देने के लिए अनेक योजनाएं शासन द्वारा आरंभ की गई है। कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि दुर्ग जिला सहकारिता के मामले में मार्गदर्शक रहा है। सहकारिता आंदोलन में ही यहां पर खेती किसानी को मजबूती दी है। छत्तीसगढ़ की सरकार ने सहकारिता को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कार्य किया है और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में इस दिशा में बहुत अच्छा काम हो रहा है। सभा को गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, दुर्ग विधायक अरुण वोरा, गुंडरदेही विधायक कुंवर निषाद, बालोद संजारी विधायक संगीता सिन्हा ने भी संबोधित किया।
बैंक के चेयरमैन बैजनाथ चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मार्गदर्शन में बैंक द्वारा अपने उपभोक्ताओं को आधुनिक बैंकिग से संबंधित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। इस मौके पर बैंक के जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष जवाहर वर्मा ने बैंक की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैंक की 62 शाखाएं और 392 उपार्जन केंद्र धान खरीदी में लगे हुए हैं। बैंक द्वारा मोबाइल बैंकिंग के साथ ही माइक्रो एटीएम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। किसानों की डिमांड पर नई शाखाएं भी आरंभ की गई हैं। बैंक किसानों की हर जरूरत के लिए पूरी तरह से खड़ा है। बैंक की सीईओ अपेक्षा व्यास ने बैंक की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर बेमेतरा विधायक आशीष छाबड़ा, नवागढ़ विधायक गुरूदयाल बंजारे, पूर्व विधायक प्रदीप चौबे, आशीष वर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू, प्रतिमा चंद्राकर, जिला मंडी बोर्ड अध्यक्ष अश्वनी साहू, कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, एसपी बद्री नारायण मीणा उपस्थित थे।
कार्यक्रम में 311 समितियों के 5000 प्रतिनिधि शामिल हुए। सहकारिता सम्मेलन में कृषि विभाग द्वारा शासकीय योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए थे। कार्यक्रम में देवरबीजा बैंक शाखा में 40 लाख की लागत से बने एटीएम का शुभारंभ किया गया। 15 लाख की लागत से बने तरौद खाद गोदाम का भूमिपूजन भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा किया गया। पाहंदा के शहीद परिवार के परिजनों को 20 लाख रुपए का चेक प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने सेलूद और पतोरा के स्व-सहायता समूह नया सवेरा और सत्य कबीर की महिलाओं को वर्मी कंपोस्ट के वितरण से प्राप्त लाभांश राशि का चेक क्रमशः 37 हजार 597 रुपए और 48 हजार 75 रुपए का दिया। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को गोधन न्याय योजना को सही दिशा देने के लिए बधाई दी।
नंदोरी धान केंद्र में अपने कर्तव्य के लिए जान गवाने वाले चौकीदार स्व. हरिशंकर वर्मा की पत्नी रेखा वर्मा को आज सहकारी बैंक द्वारा 1 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई। वर्ष 2020-21 में धान उपार्जन में शून्य प्रतिशत शॉर्टेज वाली कुल 19 समितियों को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए मुख्यमंत्री भूपेंश बघेल ने समिति के अध्यक्ष और प्रबंधक को प्रशस्ति पत्र का वितरण किया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal