Breaking News

शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए पूरी ऊर्जा और उत्साह से रणनीति बनाकर कार्य करें : कलेक्टर

  • बुधवार और गुरूवार को होगा टीकाकरण महाअभियान
  • कोविड-19 की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए टीकाकरण की गति बढ़ाएं
  • जिन क्षेत्रों में टीकाकरण कराने से लोग छूट गए हैं, वहां शिविर लगाकर टीकाकरण करें

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

राजनांदगांव / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज जिले में वैक्सिनेशन की समीक्षा के दौरान कहा कि कोविड-19 की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए जिले में टीकाकरण की गति बढ़ाने की दिशा में पूरी टीम को मेहनत से कार्य करना होगा। जिले में टीके पर्याप्त संख्या में है और शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए पूरी ऊर्जा व उत्साह से रणनीति बनाकर कार्य करने की जरूरत है।

उन्होंने सभी बीएमओ से कहा कि जिन क्षेत्रों में टीकाकरण कराने से लोग छूट गए हैं, उन स्थानों का चिन्हांकन कर वहां शिविर लगाकर कार्य करें और टीकाकरण की गति बढ़ाएं। बुधवार और गुरूवार को महाअभियान चलाकर टीकाकरण किया जाएगा। सभी आवश्यक संसाधन और तैयारी होनी चाहिए। टीकाकरण के लिए सामुदायिक सहभागिता बहुत जरूरी है और इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व मितानिन बहुत अच्छा कार्य कर रही हैं। टीकाकरण के डाटा एंट्री के लिए कम्प्यूटर ऑपरेटर बढ़ाएं।

कलेक्टर ने कहा कि महाअभियान के लिए जनप्रतिनिधि, समाजसेवी सहित सभी लोगों की सहभागिता जरूरी है। जनसामान्य को टीकाकरण के लिए जागरूक करें और स्थानीय स्तर पर इसके लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि जिले में टीकाकरण में महिलाओं की सहभागिता बहुत अच्छी है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन और स्वसहायता समूह की महिलाओं की जागरूकता व मेहनत का परिणाम है।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, संयुक्त कलेक्टर वीरेन्द्र सिंह, डीपीएम गिरीश कुर्रे, महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी  रेणु प्रकाश, ई-जिला प्रबंधक सौरभ मिश्रा, स्वास्थ्य विभाग से अखिलेश चोपड़ा व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Check Also

प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण का पावन पर्व है गोवर्धन पूजा : मुख्यमंत्री साय

हमारी संस्कृति में गौमाता का विशेष स्थान, कृषि और ग्रामीण जीवन की समृद्धि से जुड़ी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!