
- कलेक्टर ने दिए बांध और नदियों पर नजर रखने के निर्देश, जलभराव वाले निचले इलाके का विशेष ध्यान रखने कहा
- कलेक्टर ने राहत और बचाव दलों को सतर्क रहने कहा
- बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे चालू रखें
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मौसम विभाग द्वारा 26 व 27 सितम्बर को राजनांदगांव जिले में गुलाब चक्रवात से भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। राजनांदगांव के कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने जिले में गुलाब चक्रवात से भारी वर्षा होने की संभावना को देखते हुए सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को अलर्ट रहते हुए मुख्यालय में रहने कहा है। उन्होंने कहा है कि सभी अधिकारी बांध और नदियों पर नजर रखें और जलभराव वाले निचले इलाके में विशेष ध्यान रखें। उन्होंने राजस्व विभाग को संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैयारी रखने और बाढ़ राहत और बचाव दलों को सतर्क रखने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने जिला स्तर और तहसील स्तर पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से कहा है कि बारिश के दौरान बांधों में जल स्तर की निरंतर निगरानी भी करें और इसकी सूचना बाढ़ नियंत्रण कक्ष को दी जाए। कलेक्टर ने आम जनता से जल भराव की स्थिति में पुल-पुलियों को पार न करने की अपील की है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 07744-220557 है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal