
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
भिलाई नगर/ नगर निगम भिलाई क्षेत्र के अंतर्गत उच्च गुणवत्ता की जेनेरिक दवाइयां सस्ती दरों पर उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री सस्ती दवा दुकान योजना के क्रियान्वयन के लिए भिलाई निगम प्रशासन ने योजना पर अमल करना शुरू कर दिया है। निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री सस्ती दवा दुकान योजना के लिए आवश्यक दुकानों/भवनों का निरीक्षण किया, ताकि इन दुकानों को सस्ती दवा दुकान योजना के लिए अतिशीघ्र तैयार किया जा सके।
इस योजना के क्रियान्वयन के लिए 500 से 800 वर्ग फीट क्षेत्रफल के भवन / दुकान का चयन किया गया है। इसके लिए पावर हाउस प्रगति मार्केट, टी मार्केट, बैकुंठ धाम के समीप भवन, वैशाली नगर जोन कार्यालय परिसर स्थित भवन, नेहरू भवन सुपेला मार्केट के समीप स्थित भवन में चल रही तैयारियों का जायजा लिया गया। जेनेरिक दवाइयों की बढ़ती मांग, गुणवत्ता का किसी भी रूप में ब्रांडेड दवाइयों से कम न होने, ब्रांडेड दवाइयों से कई गुना कम कीमत पर मिलने के कारण जेनरिक दवाइयों की निश्चित उपलब्धता सुनिश्चित कराने और लोगों को आसानी से दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री सस्ती दवा दुकान योजना खोली जा रही है।
जेनेरिक दवाई के अलावा सर्जिकल आइटम की भी नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री सस्ती दवा दुकान योजना में जेनेरिक दवाओं के अलावा अन्य सौंदर्य प्रसाधन सामग्री आदि का भी विक्रय किया जा सकता है। इससे दुकान का संचालन लाभप्रद होगा। इसके अलावा सामान्य आइटम जैसे रिंग गार्ड, बाम, आयोडेक्स, विक्स वेपराइजर, डेटॉल, इच गार्ड, वेपराइजर मशीन, सेनेटरी पैड, गर्भनिरोधक के अलावा अन्य ऐसे ही आइटम विक्रय किया जा सकता है। लेकिन योजना में खास बात यह है कि किसी भी दशा में ब्रांडेड दवाओं के विक्रय की अनुमति नहीं होगी।
इसके अतिरिक्त वन विभाग द्वारा संचालित संजीवनी दुकानों में बिक्री की जा रही समस्त दवाइयों/सामग्रियों का विक्रय इन दुकानों के तहत किया जाएगा। मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना अंतर्गत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट के लिए खरीदी की जा रही दवाइयां भी इस योजना के माध्यम से संचालित दुकानों के माध्यम से ही क्रय की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त मनीष गायकवाड, पूजा पिल्ले, कार्यपालन अभियंता संजय बागड़े, उप अभियंता अरविंद शर्मा, श्वेता वर्मा और प्रकृति जगताप उपस्थित रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal