
ज्यादा कीमत पर खाद की बिक्री करने और स्टाक रखने में अनियमितता के मामले में दुर्ग जिले के सोनपुर में साहू कृषि केंद्र को सील किया गया
- कृषि और राजस्व विभाग की टीम द्वारा 9 जिलों में 92 उर्वरक बिक्री केन्द्रों का औचक निरीक्षण
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
किसानों को उचित मूल्य पर उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा शनिवार को बेमेतरा, राजनांदगांव, रायपुर, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, दुर्ग, बलौदाबाजार, धमतरी और कबीरधाम के 92 उर्वरक विक्रेताओं की दुकानों और बिक्री केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इन केन्द्रों में उर्वरक विक्रय में अनियमितता पाये जाने पर 48 केन्द्रों पर कार्रवाई की गई है। टीम द्वारा बलौदाबाजार जिले के तीन उर्वरक केन्द्रों के लायसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।
गरियाबंद जिले में 20 केन्द्रों का निरीक्षण किया गया, जिसमें से उर्वरक विक्रय में अनियमितता पाये जाने के कारण 18 केन्द्रों में विक्रय प्रतिबंधित कर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। बेमेतरा जिले में 8 केन्द्रों का निरीक्षण किया गया, जिसमें से 2 केन्द्रों में अनिमियतता पाये जाने पर विक्रय प्रतिबंधित कर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। रायपुर और जांजगीर जिले में क्रमशः 15 व 5 केन्द्रों का निरीक्षण किया गया, जिसमें रायपुर के 5 केन्द्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और जांजगीर में 2 केन्द्रों में विक्रय प्रतिबंधित करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। दुर्ग जिले में 7 केन्द्रों का निरीक्षण किया गया जिसमें से 3 केन्द्रों को कारण बताओ नोटिस व 1 केन्द्र को विक्रय प्रतिबंधित कर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
राजनांदगांव जिले में 4 केन्द्रों का निरीक्षण किया गया, जिसमें 3 केन्द्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।बलौदाबाजार जिले में 18 केन्द्रों का निरीक्षण किया गया, जिसमें से 3 केन्द्रों पर लायसेंस निलंबन की कार्यवाही की गई और 3 केन्द्रों पर 21 दिवस के लिये विक्रय प्रतिबंधित करते हुए 9 केन्द्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। धमतरी जिले में 10 केन्द्रों और कबीरधाम जिले में 5 केन्द्रों का निरीक्षण किया गया, जहाँ कोई अनियमितता नहीं पाई गई।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal