• प्रदेश में एनडीपीएस के कुल 23 अपराध और अवैध शराब का कारोबार करने वाले आरोपियों के विरूद्ध 1072 प्रकरण दर्ज

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा प्रदेश में सक्रिय नशीले पदार्थों के अवैध कारोबारियों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही के निर्देश देने के बाद सभी जिलों में नशीले पदार्थों का कारोबार करने वाले अपराधियों के खिलाफ कठोर और प्रभावी कार्यवाही तेज हो गई है। प्रदेश के सभी जिलों में गांजा, ब्राऊन शुगर, नशीली दवाईयां और अवैध शराब का कारोबार करने वाले संगठित अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की गई।

रायपुर पुलिस द्वारा 20 फरवरी को नारकोटिक्स एवं सायबर सेल द्वारा मैनुअल व टेक्निकल सूचना के आधार पर नशीली दवाओं का अवैध कारोबार करने वाले अंतर्राज्यीय तस्कर शेख महमूद व रवि नारायण को गिरफ्तार कर 15 किलो 500 ग्राम गांजा, 240 ग्राम चरस व बड़ी मात्रा में नशीली दवाईयां बरामद की गई। आरोपियों ने नशीला पदार्थ उड़ीसा निवासी तापस कुमार परेश और समीर कुमार से लाने की जानकारी दी। इस सूचना पर रायपुर पुलिस की 10 सदस्यीय टीम ने  उड़ीसा जाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने देश के अन्य राज्यों में भी नशीले पदार्थों की तस्करी करना स्वीकार किया है। आरोपियों से प्रतिबंधित टेबलेट 5630 नग नाइट्रोजन और 26400 नग अल्फाजोलम के साथ ही 3100 नग पेंटाजोसिन प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन सहित 50 लाख रुपए मूल्य के नशीले पदार्थ व अन्य सामग्री जप्त किया है। रायपुर पुलिस द्वारा 21 फरवरी को आरोपी महेन्द्र पटेल को सूचना के आधार पर ब्राउन शुगर और साढ़े 11 लाख रुपए की नशीली दवाओं के साथ पकड़ा गया।

राजनांदगांव पुलिस द्वारा 22 व 23 फरवरी को अंर्तराज्यीय आरोपी पुखराज चंदेल को गिरफ्तार कर उससे 22 लाख 26 हजार रूपए मूल्य का 371 किलो गांजा जप्त किया गया। आरोपी द्वारा नशीला पदार्थ बेचकर हुई आमदनी से खरीदे गए 57 तोला सोने के जेवर (मूल्य लगभग 25 लाख रुपए) और बिक्री की रकम 12 लाख 48 हजार 4 सौ रुपए कुल 63 लाख 24 हजार 4 सौ रुपए बरामद किये गए।

दुर्ग पुलिस द्वारा महाराष्ट्र से ब्राउन शुगर लाकर छत्तीसगढ़ में विक्रय करने वाले 3 अंतर्राज्यीय तस्कर मोहम्मद वाहिद, पृथ्वी सिंह और प्रिंस उर्फ गौतम महार को गिरफ्तार किया गया, जिनसे 5 लाख रुपए मूल्य का ब्राउन शुगर बरामद किया गया।

महासमुंद पुलिस द्वारा नारकोटिक्स सेल के माध्यम से नशीले दवाओं का अवैध कारोबार करने वाले आरोपी हितेश चंद्राकर को गिरफ्तार कर बड़ी संख्या में दशीली प्रतिबंधित दवाईयां जप्त की गई। प्रदेश के सभी जिलों में पिछले एक सप्ताह से चलाये जा रहे अभियान के दौरान एनडीपीएस के कुल 23 अपराध पंजीबद्ध किये गए, जिनमें 2 हजार 32किलो गांजा जप्त किया गया। इसी तरह अवैध शराब का कारोबार करने वाले आरोपियों के खिलाफ 1072 प्रकरण पंजीबद्ध कर 3 हजार 65 लीटर अवैध शराब जप्त की गई।