- यूक्रेन में फंसे छत्तीसगढ़ के लोगों की सकुशल वापसी के लिए सीएम चिंतित : कर रहे हैं उच्च स्तरीय पहल : वोरा
- दीप्ती ने बताया – कड़ाके की ठंड में हॉस्टल के बेसमेंट में गुजारी रात

द सीजी न्यूज डॉट कॉम
भिलाई से मेडिकल की पढ़ाई करने यूक्रेन पहुंचे स्टूडेंट्स ने पूरी रात हॉस्टल के बेसमेंट में गुजारी। रूस द्वारा लगातार मिसाइल अटैक के कारण रात भर रह-रह कर धमाके गूंजते रहे। भारी दहशत के बीच स्टूडेंट्स ने स्नैक्स और चाय के सहारे रात गुजारी। इधर, भिलाई में चिंतित माता-पिता भी जल्द से जल्द अपने बच्चों को यूक्रेन से वापस भारत लाने की व्यवस्था के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
यूक्रेन के खारखीव मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही दीप्ती पांडेय के पिता अशोक पांडेय से आज दुर्ग के वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने मुलाकात की। दीप्ती से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत के दौरान वोरा ने कहा कि भिलाई के सभी बच्चों की शीघ्र भारत वापसी के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा इस संबंध में उच्च स्तरीय पहल की जा रही है। वोरा ने दीप्ती से कहा कि चिंता न करें। शीघ्र ही आप लोगों की सकुशल भारत वापसी हो जाएगी।
वोरा से बातचीत के दौरान दीप्ती ने बताया कि उन्होंने अन्य स्टूडेंट्स के साथ हॉस्टल के बेसमेंट में रात गुजारी है। यहां भोजन की कमी हो गई है। स्नैक्स आदि खाकर ही रहना पड़ रहा है। ज्यादातर समय मोबाइल बंद रखते हैं क्योंकि बैट्री खत्म होने का अंदेशा है। दीप्ती ने वोरा को बताया कि सुबह होने पर बेसमेंट से वापस हॉस्टल के कमरे में रहने आ गए हैं। सुबह से यहां स्नो फॉल होने के कारण ठंड काफी बढ़ गई है। वोरा ने दीप्ती का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि जरा भी चिंता न करें। युद्ध के माहौल में सुरक्षित तरीके से अच्छे से रहने की समझाईश देते हुए वोरा ने कहा कि आप सभी की वापसी के लिए हर स्तर पर प्रयास किया जा रहा है।
वोरा ने कलेक्टर से भी चर्चा की
विधायक अरुण वोरा ने दीप्ती के परिजनों को हिम्मत बंधाते हुए कहा कि फिक्र न करें। सभी लोग यूक्रेन में फंसे लोगों की सकुशल वापसी की कामना कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा छत्तीसगढ़ के लोगों को वापस भारत लाने के लिए संवेदनशीलता के साथ पहल की जा रही है। बाद में वोरा ने कलेक्टर सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे से भी चर्चा की। वोरा ने कलेक्टर से कहा है कि दीप्ती सहित अन्य स्टूडेंट्स की वापसी के लिए आवश्यक व्यवस्था करने उच्च स्तर पर लगातार प्रयास जारी रखें।
मुख्यमंत्री से मिलेंगे वोरा
वोरा ने कहा है कि भिलाई के मेडिकल स्टूडेंट्स की सकुशल वापसी के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से शीघ्र मुलाकात करेंगे। यूक्रेन के खारखीव में रहकर मेडिकल की पढ़ाई करने वाले स्टूडेंट्स के परिजनों के साथ सीएम से मिलकर इस संबंध में उचित पहल करने की अपील की जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal