- कलेक्टर ने खिलाडिय़ों को जूनियर महिला हॉकी इंडिया की कोर ग्रुप 33 में चयनित होने पर बधाई दी
- भारतीय महिला हॉकी टीम में स्थान पाने कड़ी मेहनत के लिए किया प्रोत्साहित
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल होने के लिए स्पोर्ट्स अथॉरिटी आफ इंडिया बैंगलुरू में कड़ा अभ्यास कर रही राजनांदगांव की हॉकी खिलाड़ी आंचल साहू और अनिशा साहू ने आज कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा से आज सौजन्य भेंट की। कलेक्टर ने खिलाडिय़ों को जुनियर हॉकी इंडिया की कोर ग्रुप 33 में चयन होने पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से उन्होंने जिले को गौरवान्वित किया है। उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कलेक्टर ने कहा कि और ज्यादा मेहनत करें। भारतीय महिला हॉकी टीम में स्थान बनाकर नए कीर्तिमान स्थापित करते हुए प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। जिला प्रशासन द्वारा हरसंभव मदद और जरूरतों को पूरा किया जाएगा।

उन्होंने दोनों खिलाडिय़ों को 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दी। इस दौरान हॉकी इंडिया के सहसचिव फिरोज अंसारी ने प्रतीक चिन्ह के रूप में कलेक्टर को हॉकी स्टिक दिया। इस दौरान कोच अनुराग श्रीवास्तव, स्टेडियम प्रबंधक रणविजय प्रताप सिंह, पीटीआई देवेन्द्र सिंह ठाकुर उपस्थित थे। आपको बता दें कि राजनांदगांव की हॉकी खिलाड़ी आंचल और अनिशा वर्तमान में भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल होने के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण के बैंगलूरू स्थित हॉस्टल में संभावित इंडिया टीम के कैम्प में शामिल हैं। भारतीय टीम में शामिल होने के लिए निरंतर अभ्यास करते हुए बैगलूरू में प्रशिक्षण ले रही हैं।
इन खिलाडिय़ों ने बंसतपुर हाई स्कूल के छोटे से मैदान से खेलना शुरू किया और अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में कोच अनुराग श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में खेल में निरंतर निखार लाते हुए स्पोर्ट्स अथारिटी ऑफ इंडिया कैंप में प्रशिक्षण के लिए जगह बनाने में कामयाब रही। अब दोनों खिलाड़ी भारतीय महिला हॉकी टीम में स्थान पाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal