- गर्मी के समय जनता को पानी की समस्या न हो – महापौर
- 31 मार्च तक नवनिर्मित पद्मनाभपुर, फिल्टर प्लांट की पानी टंकी और 15 अप्रैल तक पुरानी गंज मंडी से पानी सप्लाई शुरू करने दिये निर्देश
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग/ वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा के कड़े निर्देशों के बाद नगर निगम के डाटा सेंटर में महापौर धीरज बाकलीवाल और आयुक्त हरेश मंडावी ने आज अमृत मिशन की टीम और निगम अफसरों की संयुक्त बैठक ली। बैठक में गर्मी के मौसम में पानी सप्लाई व्यवस्था की तैयारियों और अमृत मिशन के तहत नई बनी टंकियों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

महापौर और आयुक्त ने निर्माणाधीन पानी टंकियों के सभी अधूरे कार्यों को पूरा कर तत्काल पानी सप्लाई शुरू करने के निर्देश दिये। उन्होंने अमृत मिशन का काम कर रही टीम पर नाराजगी जताते हुए मिशन के कार्यों की समयसीमा निर्धारित की। बैठक में जलकार्य प्रभारी संजय कोहले, सहायक अभियंता आर.के.जैन, उपअभियंता भीमराव, जलकार्य निरीक्षक नारायण सिंह ठाकुर, कपीश दीक्षित, अभ्युदय मिश्रा उपस्थित थे।
बैठक में स्पष्ट शब्दों में कहा गया कि गर्मी का समय आ गया है, अब किसी भी प्रकार से पानी सप्लाई में रुकावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्यों को समय सीमा में पूरा किया जाना चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर टैंकरों से पानी सप्लाई की व्यवस्था की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। पुलगांव स्थित पानी टंकी को भी चालू करने के निर्देश दिये गए। कैलाश नगर और हनुमान नगर में पानी की समस्या को देखते हुए टैंकर से पानी सप्लाई की व्यवस्था करने और वाल्व खराब होने पर तत्काल बदलने के निर्देश दिये गए। बैठक में कहा गया कि अमृत मिशन के कार्यों की समीक्षा प्रत्येक सप्ताह की जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal