द सीजी न्यूज डॉट कॉम

दुर्ग / फेसबुक में फेक आईडी बनाकर लोगों को फंसाने वाले गिरोह को पकड़ने में दुर्ग पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पिछले दिनों इस गिरोह के झांसे में आकर बोरी थाना क्षेत्र के एक युवक ने परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस केस की जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने का क्लू मिला। इसके बाद पुलिस ने हरियाणा के मेवात से आरोपी को धर दबोचा। 

यह गिरोह सेक्सटॉर्सन गैंग के रूप में जाना जाता है। गैंग के सदस्य फेक आईडी के जरिए लोगों को फंसाते हैं। दुर्ग की पुलिस टीम ने सेक्सटॉर्सन गैंग के मास्टरमाइंड वकील अहमद को गिरफ्तार कर हरियाणा से ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया है। आरोपी ने ठगी के सारे तौर तरीके पुलिस के सामने कुबूल कर लिये हैं।

सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी बीएन मीणा, एडिशनल एसपी संजय ध्रुव, एडिशनल एसपी अनंत साहू, डीएसपी अभिषेक झा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गैंग के सदस्य लोगों को फर्जी फेसबुक आईडी के जरिए फंसाते हैं। इसके बाद वाट्सअप नंबर लेकर अश्लील सामग्री भेजना शुरू कर देते हैं।

इसी दौरान वीडियो पर सैक्स का आफर देकर वीडियो रिकार्डिंग कर ली जाती है। वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया जाता है। आरोपी पूरे देश में यह कारोबार चलाते रहे। बोरी थाने में दर्ज आत्महत्या के प्रकरण की जांच के बाद पुलिस इन आरोपियों तक पहुंच सकी। बोरी में दीपक देवांगन ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त करने के बाद साइबल सेल द्वारा मोबाइल की जांच कराई। पता चला कि मृतक को एक अंजान लड़की वाट्सएप पर प्रताड़ित कर रही है।

इतना ही नहीं, अंजान लड़की द्वारा वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी जा रही थी। अज्ञात लड़की द्वारा वाट्सएप के माध्यम से अश्लील वीडियो वायरल करने के नाम पर मृतक से रुपयों की मांग की जा रही थी। इससे परेशान होकर लोक लाज के भय से दीपक देवांगन ने आत्महत्या कर ली थी।

बाद में यह मामला सायबर सेल यूनिट के पास आया। सायबर सेल ने आरोपियों द्वारा उपयोग किये गये मोबाईल नंबर, खातों की जांच कर सेक्सटॉर्शन गैंग के नाम से चर्चित मेवात हरियाणा के आरोपियों का पता लगाया। बोरी थाना प्रभारी संतोष मिश्रा व निरीक्षक गौरव तिवारी, सायबर सेल की संयुक्त टीम मेवात हरियाणा व राजस्थान के लिये रवाना हुई।

पुलिस टीम को आरोपियों के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी नहीं मिल रही थी। टीम द्वारा ग्राम पुनहाना, लोहिंगाखुर्द, तिगांव, चांडाका, फिरोजपुर, झिरका, गोकलपुर में लगातार केम्प कर आरोपियों की पतासाजी की गई। इस दौरान गैंग के मास्टर माइंड वकील अहमद को लोहिंगाखुर्द में लोकेट किया गया। गांव के बाहर पुलिस टीम किसान के रूप में आरोपी का इंतजार करती रही। आरोपी वकील अहमद जैसे ही अपने वाहन से घूमने निकला। दुर्ग पुलिस टीम ने 30 किमी तक पीछा करने के बाद उसे घेराबंदी कर पकड़ा।

पुलिस पूछताछ में आरोपी वकील अहमद ने बताया कि वह दो साल से यह काम कर रहा है। फेसबुक पर लड़कियों के नाम से फर्जी आईडी बनाकर लोगों को फेसबुक में फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने के बाद उनसे फेसबुक मैसेंन्जर पर वीडियो कॉल के लिए उकसाता था। वीडियो कॉल लगाकर न्यूड लड़कियों के वीडियो चलाकर पीड़ित को उकसाने के बाद अश्लील वीडियो रिकार्ड कर लेता। बाद में वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर मोटी रकम खातों में ट्रांसफर कराता था।

इस कार्रवाई में थाना बोरी से निरीक्षक संतोष मिश्रा, रामकृष्ण तिवारी, आरक्षक शहबाज खान, पंकज चतुर्वेदी, राजकुमार चंद्रा, जगजीत सिंह और सायबर सेल से निरीक्षक गौरव तिवारी, शमित मिश्रा, चंद्रशेखर बंजीर, विक्रांत यदु, विजय शुक्ला, जावेद खान की सराहनीय भूमिका रही।