द सीजी न्यूज डॉट कॉम
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने आबकारी विभाग से कहा है कि बघेरा में शराब दुकान न खोली जाए। स्थानीय नागरिक यहां शराब दुकान खोलने का विरोध कर रहे हैं। इससे पहले वोरा से आज बघेरा के नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की और शराब दुकान न खोलने की मांग की। वोरा ने आबकारी अधिकारी से कहा है कि मंदिर और स्कूल होने के कारण स्थानीय नागरिक यहां शराब दुकान न खोलने की मांग कर रहे हैं। नागरिकों की भावनाओं के अनुरूप यहां शराब दुकान नहीं खुलनी चाहिए।
वोरा ने जोर देकर कहा है कि उन्होंने आबकारी विभाग के अफसरों को पहले ही कहा है कि जन भावनाओं का सम्मान करते हुए ही शराब दुकानें खोली जाए। बघेरा में अगर शराब दुकान का विरोध हो रहा है तो वहां पर किसी भी हालत में शराब की दुकान न खोली जाए। वोरा ने कहा है कि दुर्ग शहर सहित पूरे प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण भाजपा मुद्दाविहीन होकर बौखलाहट में आंदोलन कर रही है।
वोरा ने कहा कि कांग्रेस सरकार का विरोध करने के लिए कोई मुद्दा न होने के कारण भाजपा नेता लोगों को गुमराह कर रहे हैं। शहर में सड़कों का डामरीकरण किया जा रहा है। मूलभूत विकास कार्य कराए जा रहे हैं। स्ट्रीट लाइट लग रही हैं। जीई रोड के उन्नयन और सौंदर्यीकरण के कार्य हो रहे हैं। ठगड़ा बांध पिकनिक स्पाट की योजना का कार्य हो रहा है। नदी तट पर लक्ष्मण झूला की योजना को मंजूरी मिल चुकी है। शहर की जनता ने पिछली भाजपा सरकार के 15 साल का कुशासन और वादाखिलाफी देखने के बाद वर्तमान भूपेश सरकार के कल्याणकारी कार्यों और योजनाओं को भी आम जनता देख रही है। आम जनता अब भाजपा के बहकावे में नहीं आने वाली।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
