- निगम की सामान्य सभा के पहले विधायक ने दी एकजुटता की नसीहत
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
नगर निगम दुर्ग में कांग्रेस परिषद के तीसरे बजट सम्मिलन के पहले विधायक अरुण वोरा ने कांग्रेसी पार्षदों और संगठन पदाधिकारियों के साथ आज बैठक की। कांग्रेस भवन में आयोजित बैठक में वोरा ने कांग्रेस पार्षदों को एकजुट होकर विपक्ष का सामना करने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार आने के बाद जिस तरह से विकास कार्यो के लिए लगातार राशि जारी कराई जा रही है, उससे विपक्ष के पेट मे दर्द उठ रहा है। मुख्य मार्ग चौड़ीकरण, ठगड़ा बांध सौंदर्यीकरण, शंकर नाला सुदृढ़ीकरण जैसे अभूतपूर्व कार्य कांग्रेस की परिषद ने ही कराए हैं।

वोरा ने कहा कि एक तरफ वार्डों के अंदरूनी विकास के लिए करोड़ों के विकास कार्य प्रारंभ हो रहे हैं, वहीं समग्र विकास को देखते हुए नेहरू नगर चौक से अंजोरा तक 118 करोड़ से सड़क चौड़ीकरण, 100 करोड़ से पुलगांव चौक से अंडा तक फोरलेन, धमधा रोड, 14 करोड़ की लागत से ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट, 15 करोड़ की लागत से ऑडिटोरियम, 11 करोड़ की लागत से ट्रांजिट हॉस्टल, 4 करोड़ की लागत से शिवनाथ नदी मुक्तिधाम मार्ग, 5 करोड़ की लागत से गौरव पथ उन्नयन के कार्य हो रहे हैं। निस्तारी और जल संवर्धन को दृष्टिगत रखते हुए 4 करोड़ से अधिक राशि खर्च कर शहर के तालाबों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। 30 करोड़ की लागत से लक्ष्मण झूले का निर्माण भी शीघ्र शुरू होगा।
इसी साल शहर में 2 आउटडोर स्टेडियम और ओलिंपिक स्तर के स्वीमिंग पूल का कार्य प्रारंभ करने के भी प्रयास किये जाएंगे। 1.37 करोड़ से शहर के अंदरूनी चौक चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर सोलर व हाई मास्ट लाइट से प्रकाश व्यवस्था का कार्य नव वर्ष के प्रथम दिवस से ही प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने पटरीपार क्षेत्र में जल भराव की समस्या से निजात दिलाने के प्रयासों के तहत 4.8 करोड़ की सुदृढ आरसीसी नालियों और नालों के निर्माण से शहर के आउटर वार्डों में बेहतर ड्रेनेज सिस्टम मिलेगा। वोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने दुर्ग शहर के विकास के पहियों को गति दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पीडब्लूडी मंत्री ताम्रध्वज साहू और नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया को जनभावनाओं के अनुरूप राशि स्वीकृत करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
