Breaking News

खैरागढ़ उपचुनाव : नामांकन वापसी के अंतिम दिन अभ्यर्थियों को प्रतीक चिन्ह का आबंटन : कलेक्टर ने राजनीतिक दलों को आचार संहिता की जानकारी दी

  • चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशियों के नाम की अंतिम सूची जारी

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

राजनांदगांव / सामान्य प्रेक्षक शांतनु पी. गोटमारे की उपस्थिति में आज कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी तारन प्रकाश सिन्हा ने स्टैडिंग कमेटी की बैठक में राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश और आदर्श आचार संहिता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। खैरागढ़ उपचुनाव के लिए आज नामांकन वापसी के अंतिम दिन अभ्यर्थियों को प्रतीक चिन्ह का आबंटन भी किया गया। चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों के नाम की अंतिम सूची जारी कर दी गई है।

सामान्य प्रेक्षक शांतनु पी. गोटमारे ने कहा कि निर्वाचन संबंधी नियमों का पालन करते हुए कार्य करना आवश्यक है। निर्वाचन के दौरान आदर्श आचार संहिता के पालन की निगरानी आयोग द्वारा की जाती है। उन्होंने राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों से कहा कि सभी आदर्श आचार संहिता का पालन करें। पारदर्शी और निष्पक्ष निर्वाचन के लिए जिला प्रशासन द्वारा पूरी तैयारी की गई है। सभी इसमें सहयोग करें। जिला प्रशासन द्वारा किसी प्रकार की शिकायत अथवा समस्या के लिए टोल फ्री नंबर जारी किया गया है। इस नंबर पर शिकायत अथवा समस्या दर्ज कराई जा सकती है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने चुनाव लड़ रहे अभ्यर्थियों से कहा कि निर्वाचन के दौरान व्यय का ब्यौरा समय पर अवश्य दें।
कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी तारन प्रकाश सिन्हा ने राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों को आदर्श आचार संहिता के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि आज अभ्यर्थियों को प्रतीक चिन्ह का आबंटन होने के साथ ही चुनाव लड़ रहे अभ्यर्थियों का नाम फाइनल हो गया है। उन्होंने बताया कि खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल 291 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जहां मतदान प्रक्रिया होगी। सभी अभ्यर्थियों को अपने चुनावी खर्च की जानकारी देना आवश्यक है। किसी भी स्थिति में रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक किसी भी प्रकार का कोई प्रचार-प्रसार नहीं किया जा सकेगा। कोई सभा, रैली, जुलूस के लिए पूर्व अनुमति लेना आवश्यक है। बिना अनुमति के ऐसी कोई भी सभा आयोजित नहीं की जा सकेगी। जुलूस-रैली के लिए वाहनों की व्यवस्था हेतु पूर्व अनुमति लेना आवश्यक है।

जिला प्रशासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निर्वाचन के दौरान किसी भी प्रकार के प्लास्टिक पर चुनाव प्रचार-प्रसार नहीं करने का निर्णय लिया है। उन्होंने राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों से आग्रह करते हुए कहा कि आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए पारदर्शी निर्वाचन के लिए कार्य करना होगा। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीएम राजनांदगांव अरूण वर्मा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी खेमलाल वर्मा सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Check Also

तेज बारिश के बीच निगम कमिश्नर लीना कोसम ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था का लिया जायजा

जलजमाव की शिकायत पर तत्काल पहुंच रही निगम की टीम बारिश को देखते हुए निगम …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!