द सीजी न्यूज
पारले बिस्कुट कम्पनी इन्दौर/मुम्बई के द्वारा अमानक खाद्य पदार्थों का उत्पादन, वितरण और विक्रय करने के कारण बेमेतरा के अपर कलेक्टर डॉ. ए.के. बाजपेयी द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत 6 लाख 40 हजार रुपए का अर्थदण्ड लगाया गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन बेमेतरा द्वारा आरोपी नरेन्द्र देवांगन, फर्म महाजन किराना स्टोर्स बेरला का निरीक्षण किया गया। यहां पारले बिस्कुट कम्पनी द्वारा उत्पादित पारले किसमी असोर्टेड टॉफी दुकानदार द्वारा विक्रय किया जा रहा था, जिसका सेम्पल लेकर खाद्य पदार्थ का खाद्य विश्लेषक, इन्दौर से परीक्षण कराया गया। परीक्षण में उक्त खाद्य पदार्थ को अमानक घोषित किया गया।
इस आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा एडीएम और न्याय निर्णयन अधिकारी बेमेतरा के समक्ष खाद्य सामग्री का उत्पादन, वितरण व विक्रय करने वाले आरोपी नरेन्द्र देवांगन, सुजित राउत, जाबिर अली, रामसिंग और एस. वसन्त मुरली के विरूद्ध प्रकरण प्रस्तुत किया गया। एडीएम न्यायालय में सुनवाई के बाद आरोपीगणों को अमानक खाद्य पदार्थ के उत्पादन, वितरण और विक्रय के लिए दोषी मानते हुए आरोपियों पर 6 लाख 40 हजार का जुर्माना अधिरोपित करते हुए 15 दिनों के भीतर जुर्माने की राशि न्यायालय में जमा करने के निर्देश दिये गए।
एडीएम ने अपने निर्णय में लिखा है कि पारले बिस्कुट कम्पनी एक प्रतिष्ठित व्यवसायिक कम्पनी व माना हुआ ब्राण्ड है, जिसका देशव्यापी विस्तृत व्यवसायिक क्षेत्र है। ऐसी कम्पनी से अमानक खाद्य पदार्थ के उत्पादन की अपेक्षा नहीं की जा सकती और कम्पनी का यह कृत्य जन स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। अमानक खाद्य पदार्थ पारले किसमी असोर्टेड टॉफी का विक्रय करने वाले आरोपी नरेन्द्र देवांगन निवासी बेरला पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 51 के तहत 20 हजार रुपये, जय मातादी ट्रेडर्स अहिवारा, नंदिनी के संचालक सुजित राउत पर 20 हजार रुपये, श्री वासु लॉजिस्टीक लि. रायपुर के संचालक जाबिर अली पर एक लाख रुपये, पारले बिस्कुट प्रा.लि. इन्दौर के संचालक रामसिंग पर 2 लाख 50 हजार रुपये और पारले बिस्कुट प्रा.लि. मुम्बई के संचालक एस. वसन्त मुरली पर 2 लाख 50 हजार रूपये का जुर्माना लगाया गया है। आरोपियों द्वारा जुर्माना राशि समय पर जमा न करने पर भू-राजस्व बकाया के भांति वसूली की कार्यवाही होगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
