- सकारात्मक सोच व समन्वित तरीके से टीम वर्क के साथ कार्य करें
- मंगलवार को दोपहर 1.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक होगा जनदर्शन
- एसडीएम अपने अनुविभाग में मंगलवार को दोपहर 1.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक रखेंगे जनदर्शन
द सीजी न्यूज
राजनांदगांव। कलेक्टर डोमन सिंह ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कहा कि शासन की फ्लैगशिप योजनाओं में जिले की टीम उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कार्य करे। शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर होना चाहिए। सुराजी गांव योजना, गोधन न्याय योजना का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। सकारात्मक सोच और समन्वित तरीके से टीम वर्क के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत गौठानों की स्वीकृति देने के साथ ही सभी गौठानों में गोबर खरीदी होनी चाहिए। गौठान के लिए भूमि का चिन्हांकन करने के साथ ही चारागाह के लिए भी जमीन होनी चाहिए। वन विभाग के गौठानों में मल्टी एक्टिविटी शुरू करना है। ऐसे गौठान जहां भूमि का अतिक्रमण है, वहां गांव के लोगों को समझाईश देकर निराकरण करें। उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट के उत्पादन की बिक्री के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि गौठान में रोका-छेका कार्यक्रम किया जाना है। मवेशी खुले में न घूमे और फसल खराब न हो, इसके लिए यह व्यवस्था की गई है। पंचायत के सभी कांजी हाऊस को सक्रिय करें और इसका प्रभावी ढंग से संचालन करें।
कलेक्टर ने कहा कि जिले के सभी कार्यालय में सुबह 10 बजे राष्ट्रगान होगा। जनदर्शन मंगलवार को दोपहर 1.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक होगा। सभी एसडीएम इसी समय पर विकेन्द्रित रूप से अपने अनुविभाग में जनदर्शन रखेंगे। इससे जनसामान्य के समय और श्रम की बचत होगी। इसी दिन मंगलवार को पटवारियों और सचिवों की बैठक लें। सभी सीएमओ, जनपद सीईओ के कार्यों की वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से समीक्षा की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि बारिश को ध्यान में रखते हुए सघन पौधरोपण के लिए तैयारी करें। वन, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग को पौधरोपण के लिए आवश्यक कार्य योजना बनाने व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। शासन के निर्देशानुसार सभी आवश्यक वस्तुएं महिला स्वसहायता समूह द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों को लिया जाना है। सभी विभाग इसे प्राथमिकता देते हुए अपने कार्यालयों के लिए सी-मार्ट से खरीदी करें। उन्होंने आदिवासी, शिक्षा, महिला बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा सी-मार्ट से की गई खरीदी के संबंध में जानकारी ली।
कोविड-19 की चौथी लहर को ध्यान में रखते हुए छूटे हुए सभी अधिकारियों-कर्मचारियों, फ्रंट लाईन वर्कर को प्रिकॉशन डोज पूरा कराने के निर्देश दिये। स्कूली बच्चों के टीकाकरण में गति लाने कहा। उन्होंने भू-अर्जन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए राशि वितरण कार्य में तेजी लाने के लिए कहा। उन्होंने नगरीय निकायों में कृष्णकुंज के चिन्हांकन के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर डोमन सिंह ने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए प्राथमिकता के साथ कार्य करें। उन्होंने जिले में मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सभी जाति प्रमाण पत्र बनाने के कार्य में तेजी लाने और जिले में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए कोचिंग प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सीएमओ इस बात पर विशेष ध्यान दें कि बोरवेल खुला नहीं रहना चाहिए। इसके लिए मुनादी कराएं और प्रमाण पत्र भेजना सुनिश्चित करें।
कृषि विभाग को धान के बदले अन्य वैकल्पिक फसल का रकबा बढ़ाने के लिए कहा। किसानों को फसल परिवर्तन के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कहा। उन्होंने गोधन न्याय योजना, राजीव युवा मितान क्लब, आकांक्षी जिला, विशेष पिछड़ी जनजातियों के युवाओं की नियुक्ति, जल शक्ति अभियान, जल जीवन मिशन, आरईएस द्वारा किए जा रहे कार्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, चिटफंड कंपनी के आवेदन, भवनविहीन आंगनबाड़ी केन्द्रों की जानकारी, वन अधिकार पत्र, मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना, आयुष्मान कार्ड, धान के निराकरण, साम्मर्थ विकास एवं सड़क सुरक्षा, स्वावलंबन योजना की समीक्षा की।
इस अवसर पर एसडीएम मोहला ललितादित्य नीलम, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, संयुक्त कलेक्टर इंदिरा सिंह, निष्ठा पाण्डेय, खेमलाल वर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, एसडीएम अरूण वर्मा व अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए सभी जनपद सीईओ, सीएमओ व अन्य अधिकारी जुड़े रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
